home page

कॉमनवेल्थ गेम्स: श्रीहरि नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में

 | 
कॉमनवेल्थ गेम्स: श्रीहरि नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में


ग्लासगो, 24 जुलाई (हि.स.)। भारत के स्टार तैराक श्रीहरि नटराज ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 25 वर्षीय नटराज ने अपनी हीट में 25.52 सेकेंड का समय निकालते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। हालांकि सभी पांच हीट के संयुक्त परिणाम में वह 14वें स्थान पर रहे और अंतिम-16 में जगह बनाकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर गए।

नटराज की हीट में इंग्लैंड के ओलिवर मॉर्गन ने 24.91 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि दक्षिण अफ्रीका के पीटर कोएत्ज़ी ने 24.45 सेकेंड का गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए सभी हीट में सबसे तेज समय दर्ज किया।

50 मीटर बैकस्ट्रोक का सेमीफाइनल आज रात भारतीय समयानुसार 12:29 बजे खेला जाएगा।

इससे पहले भारत के आर.वी.वी.बी.के. बुडिगिना और इमाम अली ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश किया। बुडिगिना ने 57.10 सेकेंड का समय निकालकर अपनी हीट में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि इमाम अली ने 1:05.32 मिनट के समय के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया।

इस हीट में स्कॉटलैंड के स्टीफन क्लेग ने 56.57 सेकेंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में हीट के सभी आठ तैराक फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहे।

पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा का फाइनल भारतीय समयानुसार शनिवार तड़के 12:00 बजे आयोजित होगा, जहां भारतीय तैराक पदक जीतने की चुनौती पेश करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे