home page

राष्ट्रमंडल खेल की तैयारियों की खेल मंत्री मांडविया ने की समीक्षा

 | 
राष्ट्रमंडल खेल की तैयारियों की खेल मंत्री मांडविया ने की समीक्षा


नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेल 2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक का उद्देश्य सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और भारतीय खिलाड़ियों को मजबूत सहयोग प्रणाली उपलब्ध कराना था।

बैठक में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, भारतीय ओलंपिक संघ के प्रतिनिधियों, राष्ट्रमंडल खेल 2026 के शेफ डी मिशन तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान खिलाड़ियों की तैयारियों, प्रशिक्षण, संचालन व्यवस्था और समन्वय तंत्र पर विस्तार से चर्चा हुई।

डॉ. मांडविया ने खिलाड़ियों की ट्रेनिंग, यात्रा व्यवस्था, सुविधाओं और कल्याण संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार भारतीय खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। समयबद्ध योजना, विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल और खिलाड़ी-केंद्रित तैयारी सफल अभियान की कुंजी है।

बैठक में राष्ट्रमंडल खेल 2026 के समापन समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इसी समारोह में भारत को वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का अधिकार औपचारिक रूप से सौंपा जाएगा। वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेल गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित होंगे।

इस अवसर पर गुजरात सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने आयोजन और तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव साझा किए।

बैठक में खेल सचिव द्वारा विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के साथ किए जा रहे समन्वय कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। भारतीय दल की यात्रा, संचालन और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से पूरा करने पर विशेष चर्चा हुई।

भारतीय खेल प्राधिकरण और खेल मंत्रालय के अधिकारियों ने खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सहयोगी स्टाफ की नियुक्ति और आकस्मिक योजनाओं को लेकर तैयार किए जा रहे रोडमैप की जानकारी दी।

समीक्षा बैठक में खेल मंत्रालय, भारतीय ओलंपिक संघ, भारतीय खेल प्राधिकरण, गुजरात सरकार और अन्य संबंधित पक्षों ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के सफल अभियान के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे