home page

राष्ट्रमंडल खेल : पैरा स्पर्धाओं में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, 7 पदकों के साथ अभियान समाप्त

 | 
राष्ट्रमंडल खेल : पैरा स्पर्धाओं में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, 7 पदकों के साथ अभियान समाप्त


ग्लासगो, 01 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल 2026 की पैरा स्पर्धाओं में भारत ने अपने इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अभियान का समापन किया। भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने कुल सात पदक जीते, जिनमें तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।

भारत को सबसे बड़ी सफलता पैरा एथलेटिक्स में मिली, जहां खिलाड़ियों ने छह पदक अपने नाम किए। इनमें तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। इसके साथ ही भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में 20 वर्षों बाद पैरा एथलेटिक्स में पदक जीतने का इंतजार भी खत्म किया। वहीं, पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत ने एक कांस्य पदक हासिल किया।

भारतीय दल ने इस बार तीन स्पर्धाओं में ऐतिहासिक डबल पोडियम भी दर्ज किए। इनमें महिलाओं की शॉटपुट एफ57, पुरुषों की शॉटपुट एफ57 और पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धाएं शामिल रहीं, जहां दो-दो भारतीय खिलाड़ी एक साथ पदक जीतने में सफल रहे।

भारत के खिलाड़ियों ने इस अभियान के दौरान एक गेम्स रिकॉर्ड और एक एशियाई रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, जो देश के लिए बड़ी उपलब्धि रही।

भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों ने भी खिलाड़ियों की तैयारी में अहम भूमिका निभाई।

राष्ट्रमंडल खेलों से पहले पैरा पावरलिफ्टिंग टीम का प्रशिक्षण शिविर साई गांधीनगर में आयोजित किया गया था, जबकि पैरा एथलेटिक्स टीम ने साई बेंगलुरु में तैयारी की थी।

राष्ट्रमंडल खेल 2026 की पैरा स्पर्धाओं में भारत का यह प्रदर्शन देश के पैरा खेलों के बढ़ते स्तर और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसकी मजबूत होती मौजूदगी का प्रमाण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे