home page

राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत की ध्वजवाहक होंगी मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन

 | 
राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत की ध्वजवाहक होंगी मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने घोषणा की है कि ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन 23 जुलाई को ग्लासगो में होने वाले 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल की ध्वजवाहक और बैटन वाहक होंगी।

शनिवार को भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने दोनों खिलाड़ियों के नामों की घोषणा करते हुए कहा, यह हमारे लिए गर्व की बात है कि मीराबाई और लवलीना ओवीओ हाइड्रो में यह सम्मान प्राप्त करेंगी। मैं दोनों खिलाड़ियों और पूरे भारतीय दल को शुभकामनाएं देती हूं।

टोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन के लिए यह बेहद गर्व का क्षण होगा। दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन किया है और अब उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी।

126 सदस्यीय भारतीय दल जब उद्घाटन समारोह में मार्च करेगा, तब मीराबाई और लवलीना सबसे आगे भारतीय तिरंगा और बैटन लेकर चलेंगी। भारतीय दल के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण भी होगा क्योंकि उद्घाटन समारोह में दोनों सम्मान महिलाओं को सौंपा गया है।

मीराबाई फिर से पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी

मीराबाई चानू टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता हैं और इस बार ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी। वह 8 अगस्त को 32 वर्ष की हो जाएंगी और लंबे समय से भारतीय भारोत्तोलन की सबसे बड़ी पहचान बनी हुई हैं।

पेरिस ओलंपिक 2024 में वह पदक जीतने से चूक गई थीं, लेकिन अब शानदार लय में हैं। मीराबाई विश्व चैंपियनशिप में भी कई पदक जीत चुकी हैं। वर्ष 2022 में बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

लवलीना से भी पदक की उम्मीद

टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन इस बार ग्लासगो में पदक जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। उन्होंने किक-बॉक्सिंग से मुक्केबाजी में आने के बाद लगातार शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं।

लवलीना ने 2023 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि 2023 एशियाई खेलों में रजत पदक अपने नाम किया था। असम की यह स्टार मुक्केबाज अब राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला पदक जीतने के लिए उत्साहित हैं।

दोनों खिलाड़ियों की अगुआई में भारतीय दल ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद के साथ अभियान की शुरुआत करेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे