home page

महिला डीपीएल में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शानदार शुरुआत, ईस्ट दिल्ली राइडर्स को नौ विकेट से हराया

 | 
महिला डीपीएल में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शानदार शुरुआत, ईस्ट दिल्ली राइडर्स को नौ विकेट से हराया


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने महिला दिल्ली प्रीमियर लीग-2026 (डीपीएल) में शानदार शुरुआत करते हुए शुक्रवार को ईस्ट दिल्ली राइडर्स को नौ विकेट से हरा दिया। नॉर्थ दिल्ली ने 102 रन के लक्ष्य को पांच ओवर से अधिक शेष रहते हासिल कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम नॉर्थ दिल्ली की अनुशासित गेंदबाजी के सामने 20 ओवर में आठ विकेट पर 101 रन ही बना सकी। राइडर्स ने 17 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद वंशिका लीला और सोनाक्षी ने तीसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की।

हालांकि, 10वें ओवर में 24 गेंदों पर 26 रन बनाने वाली वंशिका के आउट होते ही ईस्ट दिल्ली की पारी फिर लड़खड़ा गई। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और अंतिम ओवरों में कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी।

नॉर्थ दिल्ली की ओर से नाजमा सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिए। रेशिका बेनीवाल ने भी दो विकेट हासिल किए, जबकि अपेक्षा आनंद ने तीन ओवर में सिर्फ 10 रन देकर एक विकेट लिया।

शिवी और अर्चना ने दिलाई आसान जीत

102 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने उपासना यादव का विकेट जल्दी गंवा दिया, लेकिन इसके बाद शिवी शर्मा और अर्चना ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए नाबाद 92 रन की साझेदारी की और ईस्ट दिल्ली राइडर्स को पूरी तरह मुकाबले से बाहर कर दिया। शिवी शर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि अर्चना ने 32 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ दिया।

नॉर्थ दिल्ली ने एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और नौ विकेट की शानदार जीत के साथ महिला डीपीएल 2026 अभियान का दमदार आगाज किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे