home page

वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में बांग्लादेश को आठ विकेट से हराया, दो मैचों की सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

 | 
वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में बांग्लादेश को आठ विकेट से हराया, दो मैचों की सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त


मीरपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। वेस्टइंडीज ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन बांग्लादेश को आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने दो मैचों की आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। जीत के लिए मिले 170 रन के लक्ष्य को वेस्टइंडीज ने जॉन कैंपबेल और ब्रैंडन किंग की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। किंग 81 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि केवम हॉज ने उनका अच्छा साथ दिया। कैंपबेल ने 49 रन बनाए, जबकि हॉज 31 रन बनाकर नाबाद रहे।

इस जीत से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भी बदलाव हुआ है। बांग्लादेश 47.62 प्रतिशत अंकों के साथ एक स्थान नीचे खिसक कर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि भारत 51.52 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर आ गया है।

चौथे दिन बांग्लादेश ने छह विकेट पर 79 रन से आगे खेलना शुरू किया। वेस्टइंडीज के स्पिनर जोमेल वॉरिकन ने जाकेर अली को आउट कर मेजबान टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं। जाकेर का कैच रोस्टन चेज ने स्लिप में पकड़ा। इसके बाद नईम हसन ने 52 रन की पारी खेलकर संघर्ष किया लेकिन वेस्टइंडीज के स्पिनरों ने लगातार दबाव बनाए रखा। रोस्टन चेज ने 36 रन देकर पांच विकेट लिए। यह टेस्ट क्रिकेट में उनका पांचवां पांच विकेट लेने का प्रदर्शन रहा। बांग्लादेश की दूसरी पारी 142 रन पर सिमट गई और वेस्टइंडीज को जीत के लिए 170 रन का लक्ष्य मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम के सामने बांग्लादेश ने मेहदी हसन मिराज और ताइजुल इस्लाम के रूप में दो स्पिनरों से गेंदबाजी की शुरुआत कराई। हालांकि, कैंपबेल और किंग ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बनाए और टीम को जल्द ही 50 रन के पार पहुंचा दिया। बारिश के कारण खेल कई बार बाधित हुआ लेकिन दोनों बल्लेबाजों ने हर बार खेल शुरू होने के बाद रन गति बनाए रखी।

कैंपबेल को 19वें ओवर में नजमुल हुसैन शांतो ने जीवनदान दिया। हालांकि, इसके बाद अंगूठे में चोट लगने के कारण शांतो को मैदान छोड़ना पड़ा। शोरिफुल इस्लाम ने कैंपबेल को 49 रन पर बोल्ड कर वेस्टइंडीज को पहला झटका दिया। उस समय टीम का स्कोर 112 रन था। इसके कुछ ही देर बाद तगेनरीन चंद्रपॉल भी आउट हो गए। हालांकि, किंग और हॉज ने इसके बाद कोई और विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को आठ विकेट से जीत दिला दी।

किंग 81 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट पांच नवंबर से सिलहट में खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे