घुटने की चोट के कारण द हंड्रेड 2026 से बाहर हुए जैकब बेथेल, पाकिस्तान टेस्ट सीरीज पर भी संकट
लंदन, 21 जुलाई (हि.स.)। इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल घुटने की चोट के कारण द हंड्रेड 2026 से बाहर हो गए हैं। बेथेल इस बार बर्मिंघम फीनिक्स की कप्तानी करने वाले थे, लेकिन चोट के चलते अब वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसके साथ ही अगस्त में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली इंग्लैंड की टेस्ट सीरीज में उनका खेलना भी संदेह के घेरे में आ गया है।
बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से जारी बयान में कहा गया, 22 वर्षीय जैकब बेथेल इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की मेडिकल टीम की निगरानी में अपना पुनर्वास कार्यक्रम जारी रखेंगे। आने वाले कुछ सप्ताह वह पूरी तरह फिट होने पर ध्यान देंगे।
बेथेल आखिरी बार भारत के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में मैदान पर उतरे थे। उन्होंने तीन मैचों में 109 रन बनाए और 36.33 की औसत से बल्लेबाजी की।
श्रृंखला के निर्णायक मुकाबले में 91 रन बनाने और 49 रन देकर एक विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने पर बेथेल ने कहा, द हंड्रेड में नहीं खेल पाना बेहद निराशाजनक है, खासकर एजबेस्टन में अपने समर्थकों के सामने बर्मिंघम फीनिक्स का प्रतिनिधित्व करने का मौका छूटना। दुर्भाग्य से मुझे पूरी तरह फिट होने के लिए समय देना होगा।
उन्होंने आगे कहा, फिलहाल मेरा पूरा ध्यान अपने पुनर्वास को पूरा करने और पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करने पर है। मैं प्रशंसकों, अपने साथियों और मेडिकल स्टाफ का उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। पूरे टूर्नामेंट के दौरान मैं अपनी टीम का उत्साहवर्धन करता रहूंगा।
बर्मिंघम फीनिक्स ने बेथेल की अनुपस्थिति में डोनोवन फरेरा को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। वहीं, उनकी जगह टीम में शामिल किए जाने वाले खिलाड़ी के नाम की घोषणा बाद में की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

