home page

डीडीसीए महिला टी-20 लीग में तनु चौहान का धमाकेदार प्रदर्शन, जड़े लगातार चार नाबाद शतक

 | 
डीडीसीए महिला टी-20 लीग में तनु चौहान का धमाकेदार प्रदर्शन, जड़े लगातार चार नाबाद शतक


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। डीडीसीए महिला टी-20 लीग में एसबी यूथ क्रिकेट क्लब (महिला) की सलामी बल्लेबाज तनु चौहान ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। 23 वर्षीय बल्लेबाज ने लगातार चार मैचों में चार शतक जड़ते हुए अब तक टूर्नामेंट में एक बार भी अपना विकेट नहीं गंवाया है।

तनु चौहान ने अब तक खेली गई चार पारियों में कुल 492 रन बनाए हैं और सभी पारियों में नाबाद लौटते हुए अपनी टीम को प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत दिलाई है। तनु ने अपने अभियान की शुरुआत एसेक्स फार्म्स (महिला) के खिलाफ 78 गेंदों पर नाबाद 149 रन की विस्फोटक पारी से की। इसके बाद उन्होंने सिटी जिमखाना (महिला) के खिलाफ 76 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए।

उनका शानदार फॉर्म यहीं नहीं रुका और तीसरे मुकाबले में रघुबीर विलोजर्स क्रिकेट क्लब (महिला) के खिलाफ 77 गेंदों पर नाबाद 124 रन की पारी खेली। चौथे मैच में उन्होंने राजिंदर नगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब (महिला) के खिलाफ 75 गेंदों पर नाबाद 111 रन बनाकर लगातार चौथा शतक पूरा किया। अपनी टीम एसबी यूथ क्रिकेट क्लब (महिला) के लिए खेलते हुए तनु ने हर मैच में आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतरता का शानदार उदाहरण पेश किया है। उनकी इन पारियों ने उन्हें मौजूदा सत्र की सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है।

तनु चौहान की लगातार नाबाद शतकीय पारियां:

149* (78 गेंद) बनाम एसेक्स फार्म्स (महिला)

108* (76 गेंद) बनाम सिटी जिमखाना (महिला)

124* (77 गेंद) बनाम रघुबीर विलोजर्स क्रिकेट क्लब (महिला)

111* (75 गेंद) बनाम राजिंदर नगर कोल्ट्स क्रिकेट क्लब (महिला)

कुल प्रदर्शन: 492 रन | 4 पारियां | 4 शतक | एक बार भी आउट नहीं

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे