home page

टी20 विश्व कप: भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल बना टी20 इतिहास का सबसे ज्यादा स्ट्रीम किया गया मैच

 | 
टी20 विश्व कप: भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल बना टी20 इतिहास का सबसे ज्यादा स्ट्रीम किया गया मैच


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया मुकाबला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास का सबसे ज्यादा स्ट्रीम किया गया मैच बन गया है।

यह मुकाबला कुल 619 मिलियन व्यूज के साथ रिकॉर्ड पर पहुंच गया, जिसने आईसीसी टी-20 विश्व कप 2024 फाइनल के दौरान बने 533 मिलियन व्यूज के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

भारत के प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियो हॉट स्टार पर इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के दौरान 65.2 मिलियन पीक कंकरेन्ट व्यूअर्स दर्ज किए गए, जो दुनिया के किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव इवेंट के लिए अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

इससे पहले वैश्विक स्तर पर किसी अंतरराष्ट्रीय स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर नवंबर 2024 में 65 मिलियन पीक कंकरेन्ट व्यूअर्स का रिकॉर्ड था, लेकिन वह कई देशों के संयुक्त दर्शकों से बना था। जियोहॉटस्टार का यह नया रिकॉर्ड पूरी तरह एक ही देश के दर्शकों की बदौलत बना।

टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म मिलाकर इस सेमीफाइनल मुकाबले की कुल पहुंच 320 मिलियन से अधिक दर्शकों तक रही, जबकि विभिन्न स्क्रीन पर कुल 23 अरब मिनट से अधिक वॉच-टाइम दर्ज किया गया। इस तरह यह मैच टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मुकाबला भी बन गया।

रिकॉर्ड दर्शकों की संख्या पर आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा कि यह देखना बेहद उत्साहजनक है कि टी20 विश्व कप ने भारत में करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को एक साथ जोड़ दिया है। भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल के दौरान दर्ज हुए आंकड़े न केवल क्रिकेट प्रशंसकों के जुनून को दर्शाते हैं, बल्कि यह भी दिखाते हैं कि खेल को दुनिया भर में और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में लगातार प्रगति हो रही है।

वहीं उदय शंकर, उपाध्यक्ष जियो स्टार ने कहा कि यह जियोस्टार की तकनीकी क्षमता और आईसीसी की क्रिकेट को और बड़ा बनाने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को खेले गए इस सेमीफाइनल को देखने के लिए लगभग हर तीन में से एक भारतीय ने ट्यून किया।

मुकाबले की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड ने कड़ा संघर्ष किया और जैकब बेथेल के शतक की बदौलत 20 ओवर में 246 रन तक पहुंचा, लेकिन टीम 7 रन से मैच हार गई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे