home page

सेंट फ्रॉबेल ने जीता दिल्ली कैपिटल्स स्कूल कप का खिताब

 | 
सेंट फ्रॉबेल ने जीता दिल्ली कैपिटल्स स्कूल कप का खिताब


सेंट फ्रॉबेल ने रोका मॉडर्न स्कूल का दो सत्रों का अजेय अभियान

गुरुग्राम, 07 नवंबर (हि.स.)। सेंट फ्रॉबेल, पश्चिम विहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मौजूदा चैंपियन मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड को आठ विकेट से हराकर 2026 दिल्ली कैपिटल्स स्कूल कप का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को द गेम्स फॉरेस्ट मैदान पर खेले गए फाइनल में सेंट फ्रॉबेल ने मॉडर्न स्कूल के दो सत्रों से चले आ रहे अजेय अभियान पर विराम लगा दिया।

मॉडर्न स्कूल ने पहले संस्करण और 2026 प्रतियोगिता में फाइनल तक अपने सभी मुकाबले जीते थे। हालांकि, खिताबी मुकाबले में कर्ण शर्मा की अगुवाई में सेंट फ्रॉबेल के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद सलामी बल्लेबाज लक्ष्य नारंग की विस्फोटक पारी ने टीम को यादगार जीत दिलाई। सेंट फ्रॉबेल ने 56 रन का लक्ष्य महज 3.2 ओवर में हासिल कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी मॉडर्न स्कूल की टीम सेंट फ्रॉबेल की अनुशासित गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 15.3 ओवर में 55 रन पर सिमट गई। कर्ण शर्मा ने 17 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि पार्थ भाटिया ने छह रन देकर दो विकेट हासिल किए। सेंट फ्रॉबेल के गेंदबाजों ने पूरे मैच में विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। मॉडर्न स्कूल का केवल एक बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सका।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट फ्रॉबेल की टीम को सलामी बल्लेबाज लक्ष्य नारंग ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने महज 14 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से 48 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर सेंट फ्रॉबेल ने 3.2 ओवर में दो विकेट पर 58 रन बनाकर खिताब जीत लिया।

अभीर सुदान को ऑरेंज कैप और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार

बल्लेबाजी में नोएडा के बिलाबोंग स्कूल के अभीर सुदान का दबदबा रहा। उन्होंने पांच पारियों में 249 के स्ट्राइक रेट और 210 के औसत से 421 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की। उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया। समग्र प्रदर्शन रैंकिंग में भी वह शीर्ष पर रहे।

सेंट फ्रॉबेल स्कूल के नूर मोहम्मद 259 रन बनाकर दूसरे स्थान पर रहे, जबकि द्वारका के वेंकटेश्वर इंटरनेशनल स्कूल के देवन राणा ने 255 रन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। मॉडर्न स्कूल के वायन 252 रन बनाकर चौथे और मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड के तन्मय चौधरी 241 रन के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

विनायक को पर्पल कैप, बिलाबोंग स्कूल को फेयर प्ले अवॉर्ड

गेंदबाजी में मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड के विनायक ने 5.55 की इकॉनमी से 15 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की। बिलाबोंग स्कूल, नोएडा के आरव शर्मा 14 विकेट के साथ दूसरे और सलवान बॉयज स्कूल के दक्ष डागर 13 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। सेंट फ्रॉबेल स्कूल के पवन बघेल ने 12 विकेट लेकर चौथा और डीपीएस आरके पुरम के मृणायक ने 11 विकेट के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

पूरे टूर्नामेंट में खेल भावना और अनुशासित व्यवहार के लिए फेयर प्ले अवॉर्ड बिलाबोंग स्कूल, नोएडा को दिया गया।

38 टीमों ने लिया हिस्सा

दिल्ली कैपिटल्स स्कूल कप के दूसरे संस्करण का विस्तार किया गया था। इसमें दिल्ली-एनसीआर के चार मैदानों पर 38 टीमों के बीच कुल 66 मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता की शुरुआत 9 अक्टूबर को हुई थी, जबकि फाइनल 6 नवंबर को खेला गया। एक महीने तक चली इस प्रतियोगिता ने युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान किया।

आयोजकों के अनुसार, इस बार प्रतियोगिता में पेशेवर आयोजन व्यवस्था और खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव देने पर विशेष ध्यान दिया गया। मैच संचालन से लेकर मैदानों की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं तक हर पहलू को व्यवस्थित रखा गया।

दिल्ली कैपिटल्स की इस पहल का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देना, उभरती प्रतिभाओं को अवसर देना और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे