home page

सचिवालय प्रीमियर लीग : यूनाइटेड और जायंट्स ने दर्ज की रोमांचक जीत

 | 
सचिवालय प्रीमियर लीग : यूनाइटेड और जायंट्स ने दर्ज की रोमांचक जीत


देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। सचिवालय प्रीमियर लीग 2026 में शुक्रवार को खेले गए दो मुकाबलों में सचिवालय यूनाइटेड और सचिवालय जायंट्स ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मैच में यूनाइटेड ने सचिवालय बुल्स को 19 रनों से हराया, जबकि दूसरे रोमांचक मुकाबले में सचिवालय जायंट्स ने सचिवालय डेंजर्स को छह रन से मात दी।

पहले मुकाबले में सचिवालय यूनाइटेड की टीम 16.5 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। संतोष पांडे ने सर्वाधिक 27 और प्रियांशु आहूजा ने 25 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय बुल्स की टीम 16 ओवर में 91 रन ही बना सकी। बुल्स की ओर से राहुल जेटली ने 26 रन बनाए।

यूनाइटेड की जीत में अरविंद दानू ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 22 रन देकर पांच विकेट झटके, जबकि अंकित नौटियाल ने 15 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। शानदार गेंदबाजी के लिए अरविंद दानू को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सचिवालय जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 185 रन बनाए। टीम की ओर से प्रमोद नेगी ने 33 गेंदों में 73 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि कपिल ने 44 रनों का योगदान दिया।

186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय डेंजर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 179 रन ही बना सकी। डेंजर्स की ओर से अरविंद राणा ने 43 और सुंदर सिंह ने 36 रन बनाए। जायंट्स के अमित तोमर ने तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए प्रमोद नेगी को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे