home page

सचिवालय सुपर लीग : पैंथर्स और बुल्स सेमीफाइनल में, रोमांचक मुकाबलों में वारियर्स और माइटी-11 बाहर

 | 
सचिवालय सुपर लीग : पैंथर्स और बुल्स सेमीफाइनल में, रोमांचक मुकाबलों में वारियर्स और माइटी-11 बाहर


देहरादून, 13 अप्रैल (हि.स.)। सचिवालय सुपर लीग 2026 अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान पर खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सचिवालय पैंथर्स और सचिवालय बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि वारियर्स और माइटी-11 को हार का सामना करना पड़ा।

पैंथर्स की संघर्षपूर्ण जीत, वारियर्स बाहर

पहले क्वार्टर फाइनल में सचिवालय पैंथर्स और सचिवालय वारियर्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर्स की टीम 18.2 ओवरों में 117 रनों पर सिमट गई। अजीत शर्मा ने 18 गेंदों में 38 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि प्रमोद नेगी ने 34 रनों का अहम योगदान दिया। वारियर्स की ओर से नीरज भंडारी और रोहन सैनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वारियर्स की टीम पैंथर्स की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। मनोज सेमवाल (31 रन) और सचिन रौथान (20 रन) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन पूरी टीम 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 112 रन ही बना सकी। पैंथर्स ने 5 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। गेंदबाजी में जितेंद्र सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि प्रमोद, सौरभ और अजीत को 1-1 सफलता मिली। इस मुकाबले में प्रमोद नेगी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

बुल्स की दमदार जीत, माइटी-11 की चुनौती खत्म

दूसरे क्वार्टर फाइनल में सचिवालय बुल्स ने एकतरफा मुकाबले में सचिवालय माइटी-11 को 26 रनों से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बुल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए। सुधांशु राणा ने 35 गेंदों में 47 रनों की प्रभावशाली पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। सुनील तोमर ने भी 23 रनों का योगदान दिया। माइटी-11 की ओर से चंदू पुरोहित ने 3 विकेट और अंकित नौटियाल ने 2 विकेट हासिल किए।

146 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए माइटी-11 की टीम दबाव में बिखर गई। यश ने नाबाद 47 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे, जिसके चलते टीम 20 ओवरों में 119 रन ही बना सकी। बुल्स के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ मैच पर पूरी पकड़ बनाए रखी। इस मुकाबले में मुकेश रावत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

सेमीफाइनल में रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद

पैंथर्स और बुल्स की जीत के साथ अब टूर्नामेंट अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। दोनों टीमों का आत्मविश्वास चरम पर है और सेमीफाइनल मुकाबलों में भी इसी तरह के रोमांचक खेल की उम्मीद की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे