एसए20 से हटे कीरोन पोलार्ड, जोबर्ग सुपर किंग्स के साथ नहीं खेलेंगे 2027 का सत्र
जोहानसबर्ग, 26 अक्टूबर (हि.स.)। वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग एसए20 के 2027 सत्र में जोबर्ग सुपर किंग्स की ओर से नहीं खेलेंगे। इस महीने हुई नीलामी में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 15 लाख रैंड में खरीदा था, लेकिन पोलार्ड ने अब अपना नाम वापस लेने का फैसला किया है। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने अपने फैसले की जानकारी फ्रेंचाइजी को दे दी है। इसके बाद टीम को नीलामी में शामिल नहीं रहे किसी अन्य खिलाड़ी को बतौर विकल्प चुनने की अनुमति मिल गई है।
पोलार्ड के इस फैसले की एक अहम वजह मुंबई इंडियंस के साथ उनका नया जुड़ाव माना जा रहा है। शनिवार को उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग के 2027 सत्र के लिए मुंबई इंडियंस का नया मुख्य कोच घोषित किया गया था। मुंबई इंडियंस और एसए20 की टीम एमआई केपटाउन का मालिकाना हक एक ही समूह के पास है। ऐसे में पोलार्ड का जोबर्ग सुपर किंग्स से हटना उन्हें उसी समूह की टीम के खिलाफ खेलने से बचाएगा।
पोलार्ड इससे पहले 2024 और 2025-26 सत्र में एमआई केपटाउन की ओर से एसए20 में खेल चुके हैं। उन्होंने 12 मैचों में 207 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 171.07 रहा। हालांकि, आगामी सत्र की नीलामी में एमआई केपटाउन ने उनके लिए बोली नहीं लगाई।
पोलार्ड का मुंबई इंडियंस समूह की अन्य फ्रेंचाइजी से भी जुड़ाव रहा है। वह पुरुषों की हंड्रेड प्रतियोगिता में एमआई लंदन के मुख्य कोच हैं। इसके अलावा वह मेजर लीग क्रिकेट में एमआई न्यूयॉर्क के लिए 2023 से 2026 तक खेले, जबकि आईएलटी20 में एमआई एमिरेट्स की ओर से 2023 से 2025-26 सत्र तक मैदान पर उतरे।
टी-20 क्रिकेट में 15 हजार रन से एक रन दूर
39 वर्षीय पोलार्ड टी-20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के करीब हैं। वह इस प्रारूप में 15,000 रन पूरे करने से सिर्फ एक रन दूर हैं। ऐसा करते ही वह जोस बटलर के बाद इस मुकाम तक पहुंचने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।
पोलार्ड दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीग में खेलना जारी रखे हुए हैं। हाल ही में उन्होंने अगस्त और सितंबर में आयोजित कैरेबियन प्रीमियर लीग के 2026 सत्र में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व किया था। एसए20 का 2027 सत्र 17 जनवरी से शुरू होने वाला है। इससे पहले पोलार्ड मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच की भूमिका में आईपीएल नीलामी से जुड़ेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

