भारत के खिलाफ पूरी सीरीज के लिए जाफ्टा और मारिजने कप्प की दक्षिण अफ्रीकी टीम में वापसी
दक्षिण अफ्रीका ने टेस्ट, वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए घोषित की टीमें, आठ नए खिलाड़ियों को टेस्ट दल में मिला मौका
जोहानसबर्ग, 24 नवंबर (हि.स.)। भारत के खिलाफ दिसंबर में होने वाली घरेलू सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम में सिनालो जाफ्टा और मारिजने कप्प की वापसी हुई है। जाफ्टा हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद तीनों प्रारूपों की टीम में शामिल की गई हैं। चोट के कारण वह जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में नहीं खेल पाई थीं। अनुभवी हरफनमौला खिलाड़ी मारिजने कप्प भी टीम में लौट आई हैं। लॉरा वोल्वार्ट की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका भारत के खिलाफ एक टेस्ट, तीन एकदिवसीय और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी टेस्ट टीम में आठ ऐसे खिलाड़ियों को शामिल किया है, जिन्हें अभी तक टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला है। इनमें एलेक्जेंड्रा कैंडलर, ओलुहले सियो, कैटलिन वायनगार्ड, हरफनमौला एलिज-मैरी मार्क्स, नोंडुमिसो शांगासे और मियाने स्मिट शामिल हैं। इनके अलावा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुकी युवा खिलाड़ी लुयांडा नुंजा और नथाबिसेंग निनी को भी टेस्ट टीम में जगह दी गई है।
दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच मंडला मशिम्बयी ने कहा, “एलेक्स (कैंडलर) जैसी खिलाड़ी के लिए यह बहुत बड़ा मौका है। घरेलू और उभरते खिलाड़ियों के स्तर पर वर्षों तक शानदार प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने उच्चतम स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का यह अवसर हासिल किया है।”
उन्होंने कहा, “कैटलिन (वायनगार्ड) को टेस्ट और 50 ओवर के प्रारूप में चुने जाने पर भी बधाई। उन्होंने हाल के दिनों में वास्तव में प्रभावित किया है। वह उस जुनून और संघर्ष का उदाहरण हैं, जो आप किसी युवा खिलाड़ी में देखना चाहते हैं।”
मशिम्बयी ने आगे कहा, “इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा तीनों टीमों में शामिल अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ी, जिनमें यास्मीन (खान) और ओलुहले (सियो) भी शामिल हैं, उस बड़ी योजना का हिस्सा हैं, जिसके तहत हम इस टीम को आगे ले जाना चाहते हैं। टीम में जगह बनाने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा है और इससे हमारी आगे की यात्रा में मदद ही मिलेगी।”
सीमित ओवरों की सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका ने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है और टीम में ज्यादातर नियमित खिलाड़ियों को जगह दी है। एकदिवसीय टीम में न्यूजीलैंड के खिलाफ इस साल मार्च-अप्रैल में खेली गई पिछली सीरीज के ११ खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है। टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में भी अनुभव को प्राथमिकता दी गई है। यह फरवरी २०२७ में होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी से पहले दक्षिण अफ्रीका की आखिरी सीरीज होगी।
दोनों देशों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 09 से 12 दिसंबर तक गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेला जाएगा। इसके बाद तीन एकदिवसीय मैच 16, 19 और 22 दिसंबर को क्रमशः पार्ल, केपटाउन और ब्लोमफोंटेन में होंगे। पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 26 दिसंबर को बेनोनी में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज के दूसरे और तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 29 और 30 दिसंबर को पोटचेफ्स्ट्रूम में होंगे।
दक्षिण अफ्रीका की महिला टेस्ट टीम: लॉरा वोल्वार्ट (कप्तान), एलेक्जेंड्रा कैंडलर, एनेरी डर्कसन, मारिजने कप्प, सिनालो जाफ्टा, सुने लूस, एलिज-मैरी मार्क्स, कराबो मेसो, नोंकुलेलेको म्लाबा, नथाबिसेंग निनी, लुयांडा नुंजा, नोंडुमिसो शांगासे, ओलुहले सियो, मियाने स्मिट और कैटलिन वायनगार्ड।
दक्षिण अफ्रीका की महिला एकदिवसीय टीम: लॉरा वोल्वार्ट (कप्तान), एनेके बॉश, ताजमिन ब्रिट्स, एलेक्जेंड्रा कैंडलर, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसन, मारिजने कप्प, अयाबोंगा खाका, सिनालो जाफ्टा, सुने लूस, कराबो मेसो, नोंकुलेलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, नोंडुमिसो शांगासे और कैटलिन वायनगार्ड।
दक्षिण अफ्रीका की महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम: लॉरा वोल्वार्ट (कप्तान), एनेके बॉश, ताजमिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसन, सिनालो जाफ्टा, मारिजने कप्प, अयाबोंगा खाका, यास्मीन खान, एलिज-मैरी मार्क्स, नोंकुलेलेको म्लाबा, सेशनी नायडू, कायला रेनेके, तुमी सेखुखुने, क्लो ट्रायोन और फे टनक्लिफ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

