home page

ऋषभ पंत ने गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ा, टेस्ट में बने तीसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

 | 
ऋषभ पंत ने गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ा, टेस्ट में बने तीसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज


कोलंबो, 24 अगस्त (हि.स.)। भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। पंत ने ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरा स्थान हासिल कर लिया।

पंत ने 89 गेंदों में 63 रन की पारी खेली, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही उनके टेस्ट क्रिकेट में छक्कों की संख्या 102 हो गई है। उन्होंने 52 टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की है। गिलक्रिस्ट ने 96 टेस्ट में 100 छक्के लगाए थे।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों की सूची में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स 138 छक्कों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम 107 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भी रचा इतिहास

पंत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भी भारतीय बल्लेबाजों के बीच नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने भारतीय कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़कर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

पंत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 42 टेस्ट की 74 पारियों में 2,948 रन बनाए हैं। उनका औसत 42.11 और स्ट्राइक रेट 74 से अधिक है। उनके नाम छह शतक और 18 अर्धशतक हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 146 रन है। शुभमन गिल के नाम 42 टेस्ट में 2,917 रन हैं।

विदेशी मैदान पर धोनी को भी पीछे छोड़ा

पंत ने विदेशी और तटस्थ मैदानों पर भारतीय विकेटकीपरों के सर्वाधिक टेस्ट रन के मामले में भी पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया। धोनी ने 48 टेस्ट में 2,496 रन बनाए थे, जबकि पंत अब 36 टेस्ट की 64 पारियों में 2,534 रन बना चुके हैं।

इस दौरान पंत के नाम छह शतक और 11 अर्धशतक हैं तथा उनका औसत 41.54 है। इस साल पंत ने तीन टेस्ट की चार पारियों में 249 रन बनाए हैं। उनका औसत 62.25 और स्ट्राइक रेट 73.02 रहा है। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 81 रन है।

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित की। दिन का खेल खत्म होने पर श्रीलंका ने केवल 8 रनों पर 2 विकेट खो दिये हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे