home page

ढाका टेस्ट में धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान पर जुर्माना, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के 8 अंक कटे

 | 
ढाका टेस्ट में धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान पर जुर्माना, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के 8 अंक कटे


दुबई, 15 मई (हि.स.)। बांग्लादेश के खिलाफ ढाका के मीरपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के आठ अंक भी काट लिए हैं।

एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो ने यह सजा सुनाई। समय भत्ते को ध्यान में रखने के बाद पाकिस्तान टीम निर्धारित समय में आठ ओवर कम फेंकने की दोषी पाई गई। आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार न्यूनतम ओवर गति नियम का उल्लंघन करने पर टीम के खिलाड़ियों पर प्रत्येक कम ओवर के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इसी आधार पर पाकिस्तान खिलाड़ियों पर कुल 40 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के नियम 16.11.2 के तहत प्रत्येक कम ओवर के लिए एक अंक काटे जाने का प्रावधान है। परिणामस्वरूप पाकिस्तान के कुल आठ अंक काट लिए गए। पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए प्रस्तावित सजा को मान लिया, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। मैदान पर मौजूद अंपायर रिचर्ड केटलबोरो और कुमार धर्मसेना, तीसरे अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर तथा चौथे अंपायर गाज़ी सोहेल ने पाकिस्तान टीम पर यह आरोप लगाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे