बाबर की संयमित पारी और शादाब की फिनिशिंग से पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराया
3 मैचों की वनडे सीरीज पर किया 2-1 से कब्जा
लाहौर, 05 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ निर्णायक वनडे मुकाबले में पाकिस्तान ने शानदार वापसी करते हुए गुरुवार देर रात 4 विकेट से जीत दर्ज की। कम स्कोर वाले मुकाबले में पाकिस्तान ने लक्ष्य हासिल कर तीन मैचों की वन डे सीरीज अपने नाम कर ली।
दूसरे वनडे में 231 रन का सफल बचाव करने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंग्लिस ने निर्णायक मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। उम्मीद थी कि टीम फिर से चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाएगी, लेकिन बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और पूरी टीम केवल 157 रन पर सिमट गई।
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही जब शाहीन अफरीदी ने शुरुआती ओवर में ही मैथ्यू शॉर्ट को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कप्तान जोश इंग्लिस ने पारी संभाली और सबसे अधिक 65 रन (71 गेंद) बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
इंग्लिस ने मार्नस लाबुशेन और बाद में एलेक्स कैरी के साथ साझेदारियां बनाकर टीम को 100 रन के करीब पहुंचाया, लेकिन उनके आउट होते ही ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी ढह गई।
ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक समय 119/3 था, लेकिन इसके बाद टीम ने केवल 37 रन जोड़कर आखिरी 7 विकेट गंवा दिए और 157 रन पर ऑलआउट हो गई।
पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने 3 विकेट लिए। स्पिनरों ने भी शानदार भूमिका निभाई। अबरार अहमद ने 10 ओवर में केवल 19 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि शादाब खान ने भी 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत आक्रामक रही। माज सादाकत ने तेज बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत में रन गति बनाए रखी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने लगातार विकेट लेकर मुकाबले को रोचक बना दिया।
इस दौरान बाबर आजम ने बेहद संयमित बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों पर 40 रन बनाए और टीम की जीत की नींव रखी।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुहनेमन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए लगातार झटके दिए। उन्होंने 3 विकेट लेकर पाकिस्तान को दबाव में ला दिया।
एक समय पाकिस्तान 119/5 पर संघर्ष कर रहा था, लेकिन अब्दुल समद (18)* और शादाब खान (29)* ने संयम से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 42वें ओवर में जीत दिला दी।
संक्षिप्त स्कोर:
ऑस्ट्रेलिया: 157 ऑलआउट (42 ओवर) — जोश इंग्लिस 65; शाहीन अफरीदी 3/30, अबरार अहमद 2/19, शादाब खान 2/28
पाकिस्तान: 161/6 (41.5 ओवर) — बाबर आजम 40, शादाब खान 29*; मैथ्यू कुहनेमन 3/38
परिणाम: पाकिस्तान 4 विकेट से विजयी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

