home page

न्यूजीलैंड के दिग्गज क्रिकेटर बॉब ब्लेयर का 94 वर्ष की उम्र में निधन

 | 
न्यूजीलैंड के दिग्गज क्रिकेटर बॉब ब्लेयर का 94 वर्ष की उम्र में निधन


वेलिंगटन, 24 जून (हि.स.)। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज बॉब ब्लेयर का बुधवार को उनके 94वें जन्मदिन पर इंग्लैंड में निधन हो गया। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने उनके निधन की पुष्टि की है।

बॉब ब्लेयर ने 1953 से 1964 के बीच न्यूजीलैंड के लिए 19 टेस्ट मैच खेले और 35.23 की औसत से 43 विकेट हासिल किए। हालांकि क्रिकेट इतिहास में उन्हें उनके आंकड़ों से ज्यादा उनकी अद्भुत साहसिक कहानी के लिए याद किया जाता है।

टांगीवाई रेल दुर्घटना के बाद दिखाई थी अदम्य हिम्मत

साल 1953 में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग स्थित एलिस पार्क मैदान पर खेले गए टेस्ट मैच के दौरान ब्लेयर को अपने जीवन का सबसे बड़ा दुख झेलना पड़ा। मैच के दूसरे दिन की सुबह उन्हें पता चला कि उनकी मंगेतर नेरिसा लव क्रिसमस की पूर्व संध्या पर हुई भीषण टांगीवाई रेल दुर्घटना में मारे गए 151 लोगों में शामिल थीं। इस दुखद समाचार के बाद ब्लेयर होटल में ही रुक गए थे, लेकिन बाद में उन्होंने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए मैदान पर वापसी की। न्यूजीलैंड की पारी के दौरान नौवां विकेट गिरने के बाद वह बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे और घायल बल्लेबाज बर्ट सटक्लिफ का साथ दिया। दोनों ने अंतिम विकेट के लिए 33 रन जोड़े। ब्लेयर ने छह रन बनाए, लेकिन उनकी यह पारी क्रिकेट इतिहास की सबसे प्रेरणादायक घटनाओं में गिनी जाती है।

टांगीवाई शील्ड से जीवित है उनकी विरासत

साल 2024 से न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली टेस्ट श्रृंखला टांगीवाई शील्ड के लिए आयोजित की जाती है, जो 1953 की उस त्रासदी और ब्लेयर के साहस को समर्पित है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी ग्राहम पार्क्स ने कहा, बॉब ब्लेयर और टांगीवाई रेल दुर्घटना की कहानी ने न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका दोनों देशों के क्रिकेट इतिहास पर अमिट छाप छोड़ी है। 1953 में एलिस पार्क टेस्ट के दौरान दिखाई गई उनकी हिम्मत और टीम भावना खेल की महानतम मिसालों में से एक है।

उन्होंने कहा कि टांगीवाई शील्ड की शुरुआत करके उस प्रेरणादायक कहानी को सम्मान देना बेहद भावुक क्षण था और इससे ब्लेयर की विरासत हमेशा जीवित रहेगी।

तीसरे टेस्ट में काली पट्टी बांधेंगे खिलाड़ी

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने घोषणा की है कि इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में गुरुवार से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट के पहले दिन न्यूजीलैंड के खिलाड़ी बॉब ब्लेयर को श्रद्धांजलि देने के लिए काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे