home page

करीब दो साल बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे तस्कीन अहमद पर कप्तान नजमुल ने जताया भरोसा

 | 
करीब दो साल बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे तस्कीन अहमद पर कप्तान नजमुल ने जताया भरोसा


ढाका, 07 मई (हि.स.)। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद की टेस्ट क्रिकेट में वापसी को लेकर भरोसा जताया है। तस्कीन लगभग दो साल बाद टेस्ट टीम में लौट रहे हैं और उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए टीम में शामिल किया गया है। यह मैच 8 मई से शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

तस्कीन ने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में भी कोई लंबा प्रारूप मैच नहीं खेला। नजमुल ने यहां गुरुवार को पत्रकारों से कहा, “तस्कीन ने बहुत अच्छी तैयारी की है। मौसम खराब होने के कारण तैयारी थोड़ी मुश्किल जरूर रही, लेकिन उन्होंने अपने वर्कलोड को अच्छे तरीके से संभाला और जितनी गेंदबाजी जरूरी थी, उतनी की। उन्होंने कुछ दिन इंडोर में भी अभ्यास किया। वह काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं और जानते हैं कि तैयारी कैसे करनी है।”

उन्होंने आगे कहा, “फिजियो और ट्रेनर से भी काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसलिए मुझे उम्मीद है कि तस्कीन इस टेस्ट मैच में अच्छी गेंदबाजी करेंगे।” बांग्लादेशी कप्तान ने कहा कि तस्कीन हमेशा टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं, लेकिन फिटनेस, चोट और वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण उन्हें हर बार टीम में शामिल नहीं किया जा सका। नजमुल ने कहा, “जब भी तस्कीन टीम में होते हैं, कप्तान के लिए चीजें आसान हो जाती हैं। वह टीम के लिए अतिरिक्त मेहनत करते हैं और पिछले सीरीज में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था।”

कप्तान ने युवा सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम का भी समर्थन किया, जिन्हें पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पहली बार टीम में जगह मिली है। उन्होंने कहा कि वह तंजीद को लंबे प्रारूप के अनुरूप अपनी स्वाभाविक बल्लेबाजी शैली बदलने के लिए नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा, “हर खिलाड़ी की अपनी अलग शैली होती है। मैं नहीं चाहता कि कोई अपना स्वाभाविक खेल बदले। रन बनाना महत्वपूर्ण है, चाहे टीम 80 ओवर में 400 रन बनाए या 120 ओवर में।”

नजमुल ने आगामी टेस्ट चक्र में बांग्लादेश के लिए चौथे या पांचवें स्थान पर पहुंचने का लक्ष्य भी रखा। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है और सातवें स्थान पर रहना भी बड़ी उपलब्धि थी। उन्होंने कहा, “इस साल हमारा लक्ष्य चौथे या पांचवें स्थान पर पहुंचना है। हमारे सामने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसे कठिन विदेशी दौरे हैं, लेकिन घरेलू सीरीज हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगी।”

पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज को लेकर नजमुल ने कहा कि वह अच्छी और संतुलित पिच की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल के वर्षों के प्रदर्शन को देखते हुए बांग्लादेश का तेज गेंदबाजी आक्रमण पाकिस्तान से बेहतर रहा है। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान हमेशा से मजबूत तेज गेंदबाजी के लिए जाना जाता है, लेकिन हमारे तेज गेंदबाजों ने भी काफी सुधार किया है और वे प्रशंसा के हकदार हैं।”

सीरीज के नतीजे को लेकर नजमुल ने कहा कि टीम फिलहाल बहुत आगे की नहीं सोच रही है और उसका पूरा ध्यान बेहतर क्रिकेट खेलने की प्रक्रिया पर है। उन्होंने कहा, “मैं व्यक्तिगत रूप से कभी व्हाइटवॉश जैसी चीजों के बारे में नहीं सोचता। हमारा लक्ष्य अगले 10 दिनों में पाकिस्तान से बेहतर और ज्यादा प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलना है। प्रक्रिया परिणाम से ज्यादा महत्वपूर्ण है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे