home page

मुशीर खान ने एक ही मैच में शतक और पांच विकेट लेकर रचा इतिहास

 | 
मुशीर खान ने एक ही मैच में शतक और पांच विकेट लेकर रचा इतिहास


मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मुशीर खान ने बुधवार को हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2026-27 मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। वह इस सदी में एक ही प्रथम श्रेणी मैच में शतक लगाने और पांच विकेट लेने वाले मुंबई के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले रवि शास्त्री ने 1990-91 सत्र में मध्य प्रदेश के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।

मुशीर के इस प्रदर्शन से मुंबई की टीम मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 गेंदों पर 109 रन बनाए। उनके शतक और अंगकृष रघुवंशी की 180 गेंदों पर 114 रन की पारी की बदौलत मुंबई ने 430 रन बनाए।

इसके बाद गेंदबाजी में भी मुशीर ने कमाल दिखाया। उन्होंने 52 रन देकर पांच विकेट झटके, जिससे हरियाणा की टीम लंच तक पांच विकेट पर 191 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी।

मुशीर भारत के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज सरफराज खान के भाई हैं।

मुंबई के लिए एक ही मैच में शतक और पांच विकेट लेने वाले खिलाड़ी

- मदन रायजी: महाराष्ट्र के खिलाफ, बंबई, 1947-48 सत्र

- दत्तू फडकर: मद्रास के खिलाफ, मद्रास, 1948-49 सत्र

- वीनू मांकड़: मद्रास के खिलाफ, बंबई, 1953-54 सत्र

- पॉली उमरीगर: महाराष्ट्र के खिलाफ, पुणे, 1957-58 सत्र

- रवि शास्त्री: मध्य प्रदेश के खिलाफ, इंदौर, 1990-91 सत्र

- मुशीर खान: हरियाणा के खिलाफ, मुंबई, 2026-27 सत्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे