home page

महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की कप्तानी करेंगी मुनीबा अली

 | 
महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की कप्तानी करेंगी मुनीबा अली


लाहौर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। विकेटकीपर बल्लेबाज मुनीबा अली नवंबर में संयुक्त अरब अमीरात के अजमान में होने वाली आईसीसी महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की कप्तानी करेंगी। नियमित कप्तान फातिमा सना की अनुपस्थिति में मुनीबा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। फातिमा महिला बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए खेलने की प्रतिबद्धता के कारण इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगी।

इस साल दूसरी बार मुनीबा को फातिमा की जगह पाकिस्तान की कप्तानी करने का मौका मिला है। इससे पहले उन्होंने जुलाई में श्रीलंका दौरे पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में टीम की अगुआई की थी। उस समय फातिमा इंग्लैंड की द हंड्रेड प्रतियोगिता में बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से खेल रही थीं। व्यक्तिगत कारणों से एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं लेने वाली मुनीबा इस टूर्नामेंट के जरिए वापसी करेंगी।

बल्लेबाज आयशा जफर को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। एशियाई खेलों में शामिल रही ऑलराउंडर आलिया रियाज और तेज गेंदबाज हुमा बिलाल को टीम में जगह नहीं मिली है। फातिमा की अनुपस्थिति को छोड़ दें, तो 14 सदस्यीय टीम लगभग वही है, जिसने एशियाई खेलों से पहले महिला एशिया कप में हिस्सा लिया था। एशिया कप टीम में शामिल रहीं वहीदा अख्तर और सदफ शमास को भी इस बार टीम में जगह दी गई है। ये दोनों एशियाई खेलों की टीम का हिस्सा नहीं थीं।

पाकिस्तान की टीम छह नवंबर को लाहौर में एकत्रित होगी। इसके बाद सात से नौ नवंबर तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के बाद टीम संयुक्त अरब अमीरात के लिए रवाना होगी। दस टीमों की यह प्रतियोगिता 12 नवंबर से शुरू होगी।

महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी-2026 के लिए पाकिस्तान की टीम:

मुनीबा अली (कप्तान), आयशा जफर (उपकप्तान), ईमान नसीर, ऐमन फातिमा, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, नशरा संधू, सदफ शमास, साइरा जबीन, शवाल जुल्फिकार, तस्मिया रुबाब, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी और वहीदा अख्तर।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे