home page

आयरलैंड के मुख्य कोच हेनरिक मलान ने दिया तत्काल प्रभाव से इस्तीफा

 | 
आयरलैंड के मुख्य कोच हेनरिक मलान ने दिया तत्काल प्रभाव से इस्तीफा


डबलिन, 29 जून (हि.स.)। भारत के खिलाफ ऐतिहासिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में जीत दिलाने के महज एक दिन बाद आयरलैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच हेनरिक मलान ने अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया। उनकी नियुक्ति 2027 की शुरुआत तक थी, लेकिन उन्होंने टीम को नए विश्व कप चक्र के लिए तैयार करने के उद्देश्य से पद छोड़ने का फैसला किया।

45 वर्षीय दक्षिण अफ्रीकी कोच को जनवरी, 2022 में आयरलैंड की पुरुष टीम का मुख्य कोच बनाया गया था। बाद में 2024 में उनके अनुबंध का विस्तार किया गया था। उनके कार्यकाल में आयरलैंड ने लगातार तीन टी-20 विश्व कप (2022, 2024 और 2026) के लिए क्वालीफाई किया। मलान के नेतृत्व में आयरलैंड ने 2022 टी-20 विश्व कप में मेलबर्न में इंग्लैंड को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इसके अलावा टीम ने अपने इतिहास की अब तक की तीनों टेस्ट जीत भी उनके कार्यकाल में दर्ज की।

अपने इस्तीफे के बाद मलान ने कहा कि आयरलैंड क्रिकेट से जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात रही और वह यहां बिताए समय को हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि टीम के साथ इंग्लैंड पर विश्व कप जीत, अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट जीतना, जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू टेस्ट जीत, भारत के खिलाफ ऐतिहासिक टी-20 सीरीज जीत तथा पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों पर मिली सफलताएं उनके करियर की यादगार उपलब्धियां रहेंगी।

हाल ही में आयरलैंड ने भारत को दूसरे टी-20 मैच में एक रन से हराकर सीरीज 2-0 से अपने नाम की थी। यह पहली बार था जब आयरलैंड ने किसी भी प्रारूप में भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज जीती। अब आयरलैंड की टीम अगस्त में घरेलू मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे