home page

आयरलैंड के लेग स्पिनर बेन व्हाइट ने 28 साल की उम्र में लिया संन्यास

 | 
आयरलैंड के लेग स्पिनर बेन व्हाइट ने 28 साल की उम्र में लिया संन्यास


डबलिन, 29 अक्टूबर (हि.स.)। आयरलैंड के लेग स्पिनर बेन व्हाइट ने 28 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है। उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद सॉफ्टवेयर विकास कंपनी पर्सोनियो में नई जिम्मेदारी संभाली है। वह कंपनी में यूके और आयरलैंड क्षेत्र के लिए बिजनेस डेवलपमेंट प्रतिनिधि के रूप में काम करेंगे।

व्हाइट ने जुलाई, 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने आयरलैंड के लिए तीनों प्रारूपों में कुल 43 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच पिछले साल दिसंबर में था। उन्हें आयरलैंड की टीम में लंबे समय तक कलाई के स्पिनर की कमी पूरी करने वाले खिलाड़ी के रूप में देखा जा रहा था।

व्हाइट ने 38 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 36 विकेट लिए। वह 2021, 2024 और 2026 के टी20 विश्व कप के लिए आयरलैंड की टीम का हिस्सा रहे। हालांकि, इन तीनों टूर्नामेंट में उन्हें कुल तीन मैच खेलने का मौका मिला। लंबे प्रारूपों में उन्हें सीमित अवसर मिले। उन्होंने 2023 में दो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और तीन टेस्ट मैच खेले। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट पदार्पण पर उन्होंने तीन विकेट लिए थे। हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो टेस्ट मैचों में आयरलैंड को पारी से हार का सामना करना पड़ा और व्हाइट ने इन मुकाबलों में कुल 322 रन देकर केवल एक विकेट लिया। प्रथम श्रेणी क्रिकेट का पहले कोई अनुभव नहीं होने के कारण लंबे प्रारूप में उनकी चुनौतियां भी सामने आईं।

व्हाइट ने लिंक्डइन पर अपने संन्यास की घोषणा करते हुए लिखा, “एक शानदार सफर के बाद मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं पेशेवर क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं और अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत कर रहा हूं। मैंने पर्सोनियो में यूके और आयरलैंड क्षेत्र के लिए बिजनेस डेवलपमेंट प्रतिनिधि के रूप में नई भूमिका संभाली है।”

उन्होंने आगे लिखा कि आयरलैंड का प्रतिनिधित्व करना, तीनों प्रारूपों में खेलना और तीन आईसीसी विश्व कप में हिस्सा लेना उनके लिए गर्व की बात रहेगी। उन्होंने क्रिकेट आयरलैंड का आभार जताते हुए कहा कि देश के लिए खेलने का अवसर उनके बचपन के सपने को पूरा करने जैसा था। क्रिकेट ने उन्हें यादगार पल, सीख और जीवनभर निभने वाली दोस्तियां दीं।

आयरलैंड के मुख्य कोच गैरी विल्सन ने भी व्हाइट के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्हाइट को उनके टी-20 क्रिकेट के लिए विशेष रूप से याद किया जाएगा। गेंद में उछाल पैदा करने और तेज गति से गेंदबाजी करने की उनकी क्षमता बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण थी। विल्सन के अनुसार, तीन टी-20 विश्व कप टीमों में जगह बनाना इस बात का प्रमाण है कि आयरलैंड क्रिकेट में उन्हें कितना सम्मान हासिल था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे