home page

आरसीबी ने शीर्ष पर रहकर लीग चरण का किया समापन, क्रुणाल बोले- अब अपने लक्ष्य से सिर्फ दो कदम दूर

 | 
आरसीबी ने शीर्ष पर रहकर लीग चरण का किया समापन, क्रुणाल बोले- अब अपने लक्ष्य से सिर्फ दो कदम दूर


हैदराबाद, 23 मई (हि.स.)। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शुक्रवार को आखिरी लीग मुकाबले में 55 रन की हार के बावजूद डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के लीग चरण का समापन अंक तालिका में शीर्ष स्थान के साथ किया। टीम ने 18 अंकों और बेहतर नेट रन रेट के आधार पर प्लेऑफ में नंबर-1 टीम के रूप में जगह बनाई।

मैच के बाद आरसीबी के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे सीजन की मेहनत का नतीजा है।

क्रुणाल पंड्या ने कहा, “यह सिर्फ आज के मैच की बात नहीं है, बल्कि पिछले ढाई महीनों की मेहनत का परिणाम है। भले ही आज नतीजा हमारे पक्ष में नहीं गया, लेकिन 14 मैचों के बाद शीर्ष पर रहना संतोष देने वाला है। अब हम उस लक्ष्य से सिर्फ दो कदम दूर हैं, जिसकी कल्पना हमने सीजन शुरू होने से पहले की थी।”

क्रुणाल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहम योगदान देते हुए 31 गेंदों पर 41 रन बनाए और हेनरिक क्लासेन का महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किया।

35 वर्षीय ऑलराउंडर ने कहा, “उन्होंने इस विकेट पर अपने अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल किया और धीमी गेंदों को अच्छी तरह अंजाम दिया। क्लासेन का विकेट बेहद अहम था। मुझे खुशी है कि मैं टीम के लिए योगदान दे पाया, लेकिन आखिर में मायने वही गोल्डन ट्रॉफी रखती है और वही हमारा लक्ष्य है।”

आरसीबी के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने भी टीम की निरंतरता की सराहना की। फ्लावर ने कहा, “लीग चरण के अंत में शीर्ष पर रहना शानदार उपलब्धि है। इस प्रतियोगिता में सभी 10 टीमें बेहद मजबूत हैं और हर मैच में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। निचले स्थान की टीमों ने भी दिखाया कि वे कितनी खतरनाक हो सकती हैं।”

सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने टीम को तेज शुरुआत दिलाते हुए 19 गेंदों पर 44 रन बनाए। उन्होंने कहा कि शीर्ष पर रहना टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

वेंकटेश अय्यर ने कहा, “इतने बड़े टूर्नामेंट में शीर्ष पर रहना बताता है कि हमने टीम के रूप में क्या हासिल किया है। आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में लगातार दबाव रहता है, इसलिए छोटी-छोटी सफलताओं का आनंद लेना भी जरूरी है। यह उपलब्धि पूरी टीम हमेशा याद रखेगी।”

वहीं देवदत्त पडिक्कल ने प्लेऑफ में नई शुरुआत की जरूरत पर जोर दिया। पडिक्कल ने कहा, “हर मैच के बाद लगता है कि कुछ चीजें बेहतर की जा सकती थीं, लेकिन 14 मैचों के दौरान हमने टीम के रूप में शानदार प्रदर्शन किया। अब जरूरी है कि हम नई शुरुआत करें और एक समय में एक मैच पर फोकस रखें।”

आरसीबी अब प्लेऑफ में गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-1 मुकाबले की तैयारी करेगी। यह मैच 26 मई को धर्मशाला में खेला जाएगा, जहां विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे