home page

केकेआर के मेंटर ड्वेन ब्रावो ने की वरुण चक्रवर्ती की तारीफ, बल्लेबाजी को लेकर जताई चिंता

 | 
केकेआर के मेंटर ड्वेन ब्रावो ने की वरुण चक्रवर्ती की तारीफ, बल्लेबाजी को लेकर जताई चिंता


नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मेंटर ड्वेन ब्रावो ने स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की तारीफ करते हुए कहा कि किसी को भी उनकी क्षमता पर संदेह नहीं था। ब्रावो ने स्वीकार किया कि टीम की बल्लेबाजी निरंतर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मुकाबले से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, “खेल पूरी तरह परिणाम आधारित और भावनात्मक होता है। वरुण विश्वस्तरीय स्पिनर हैं और वर्ल्ड कप के बाद काफी व्यस्त कार्यक्रम से लौटे थे। सही समय पर ब्रेक मिलना जरूरी होता है। जब खिलाड़ी इतना अच्छा हो तो फॉर्म में वापसी सिर्फ समय की बात होती है।”

ब्रावो ने कहा कि टीम प्वाइंट टेबल को लेकर ज्यादा दबाव में नहीं है और फिलहाल हर मुकाबले को “करो या मरो” की तरह खेल रही है। उन्होंने कहा,“हम पॉइंट्स टेबल के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे। कोचिंग स्टाफ का साफ संदेश है कि हर मैच को आखिरी मैच की तरह खेलना है। शुरुआत खराब रही थी, लेकिन पिछले तीन मुकाबलों में टीम के प्रदर्शन में सुधार दिखा है और इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है।”

ब्रावो ने माना कि इस सीजन में स्पिनरों और तेज गेंदबाजों दोनों ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, “कुछ मैच तेज गेंदबाजों के होते हैं और कुछ स्पिनरों के। आंकड़े देखें तो सातवें से 20वें ओवर के बीच हमारी गेंदबाजी काफी मजबूत रही है, जिसका बड़ा कारण हमारी स्पिन यूनिट है। हमारे पास तीन बेहतरीन स्पिनर हैं, लेकिन तेज गेंदबाजों ने भी अच्छा योगदान दिया है।”

मथीशा पथिराना की फिटनेस पर अपडेट

मथीशा पथिराना की वापसी पर ब्रावो ने कहा कि वह खेलने के करीब हैं, लेकिन टीम कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती।

उन्होंने कहा, “हम सभी उन्हें मैदान पर देखना चाहते हैं, लेकिन उनकी चोट को देखते हुए सही समय पर वापसी जरूरी है। उनकी मौजूदगी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।”

युवा गेंदबाजों की तारीफ

ब्रावो ने कार्तिक त्यागी समेत युवा गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “त्यागी में काफी प्रतिभा और ऊर्जा है। वह लगातार सीखना चाहता है और सवाल पूछता रहता है। हमारा फोकस सिर्फ गेंदबाजी कराने पर नहीं, बल्कि सही योजना और रणनीति के साथ गेंदबाजी सिखाने पर है।”

बल्लेबाजी अब भी चिंता का विषय

उन्होंने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो बल्लेबाजी चिंता का विषय है और यही वजह है कि हम इस स्थिति में हैं। हालांकि यह प्रयास की कमी नहीं है। बल्लेबाज मेहनत कर रहे हैं, लेकिन कभी-कभी शॉट चयन और किस्मत भी फर्क डालती है। मुझे विश्वास है कि जब बल्लेबाजी क्लिक करेगी तो इस टीम को रोकना मुश्किल होगा।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे