home page

आईपीएल 2026 से पहले आरसीबी और एसआरएच को बड़ा झटका, हेजलवुड और कमिंस शुरुआती मुकाबलों से बाहर

 | 
आईपीएल 2026 से पहले आरसीबी और एसआरएच को बड़ा झटका, हेजलवुड और कमिंस शुरुआती मुकाबलों से बाहर


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलियाई खेल वेबसाइट कोड स्पोर्ट्स की रिपोर्ट्स के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और पैट कमिंस टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। दोनों खिलाड़ी फिलहाल अपनी चोटों की वजह से पुनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

बैंगलुरु टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज हेजलवुड हैमस्ट्रिंग और एड़ी की नस से जुड़ी समस्या के कारण लंबे समय से बाहर हैं। माना जा रहा है कि वह कम से कम टीम के शुरुआती दो मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उन्होंने पिछले करीब पांच महीनों से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। पिछले सत्र में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 मैचों में 22 विकेट लेकर टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

हैदराबाद टीम के कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और 28 मार्च को बैंगलुरु के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। उनकी वापसी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में शुरुआती मुकाबलों में ईशान किशन टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं। कमिंस ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 72 मुकाबलों में 79 विकेट लिए हैं। वहीं, पिछले दो सत्रों में उन्होंने हैदराबाद के लिए 30 मैचों में 34 विकेट हासिल किए हैं। दोनों प्रमुख तेज गेंदबाजों की गैरमौजूदगी से टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में दोनों टीमों के प्रदर्शन पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे