home page

आईपीएल 2026: विराट कोहली ने आरसीबी खिलाड़ियों को दी चेतावनी, कहा-चुनौतियां और ज्यादा कठिन

 | 
आईपीएल 2026: विराट कोहली ने आरसीबी खिलाड़ियों को दी चेतावनी, कहा-चुनौतियां और ज्यादा कठिन


बेंगलुरु, 21 मार्च (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने साथियों को आगाह किया है कि इस सीजन में टीम के सामने चुनौतियां और ज्यादा कठिन होने वाली हैं।

आरसीबी, जिसने 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था, 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद टीम 5 अप्रैल को पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स से घरेलू मैदान पर भिड़ेगी।

शनिवार को आरसीबी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपना पहला अभ्यास सत्र किया। इस दौरान कोहली ने खिलाड़ियों के एक छोटे समूह से बातचीत करते हुए कहा कि पिछले दो-तीन सीजन की कड़ी मेहनत के बाद टीम ने जो हासिल किया, उसे बनाए रखना अब और कठिन होगा क्योंकि बाकी टीमें उन्हें हराने के लिए पूरी ताकत लगाएंगी।

कोहली ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे शुरुआत से ही पूरी गंभीरता दिखाएं। उन्होंने कहा, “हम इन दिनों को बेकार नहीं जाने दे सकते। हमें हर सत्र में अपना 120 प्रतिशत देना होगा और एक भी मिनट की बर्बादी नहीं करनी चाहिए।”

टीम के नए खिलाड़ियों का स्वागत हेड कोच एंडी फ्लावर ने किया, जिसके बाद कोहली ने सभी को प्रेरित किया।

नीलामी में आरसीबी ने वेंकटेश अय्यर, मेंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल और सात्विक देसवाल जैसे खिलाड़ियों को शामिल कर टीम को और मजबूत किया है।

कोच फ्लावर ने टीम संयोजन पर संतोष जताते हुए कहा कि इस बार स्क्वाड पहले से ज्यादा संतुलित है।

उन्होंने कहा, “हमारे पास अब जर्सी पर स्टार है, जो गर्व की बात है, लेकिन पिछला सीजन खत्म हो चुका है। अब हमारे सामने नई चुनौती है और हम इसे जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे