home page

महेला जयवर्धने की जगह कीरोन पोलार्ड बने मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच

 | 
महेला जयवर्धने की जगह कीरोन पोलार्ड बने मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच


नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सत्र से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लेते हुए कीरोन पोलार्ड को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। पोलार्ड ने महेला जयवर्धने की जगह ली है। जयवर्धने का दो सत्र का दूसरा कार्यकाल आईपीएल-2026 में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के साथ समाप्त हो गया।

पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस पिछले छह सत्र से खिताब जीतने में नाकाम रही है। टीम ने अपना पिछला खिताब 2020 में जीता था। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने खिताबी सूखे को खत्म करने के लिए अपने पुराने भरोसेमंद खिलाड़ी पोलार्ड को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ करीब 16 वर्षों का जुड़ाव रहा है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2010 सत्र से पहले नीलामी में खरीदा था। चैंपियंस लीग टी-20 के शुरुआती संस्करण में शानदार प्रदर्शन के बाद पोलार्ड की मांग काफी बढ़ गई थी। उन्होंने मुंबई के लिए लंबे समय तक खिलाड़ी के रूप में योगदान दिया और बाद में कोचिंग दल का हिस्सा बने।

टीम की कार्यशैली और खिलाड़ियों के साथ पोलार्ड के मजबूत संबंधों को उनकी नियुक्ति का अहम कारण माना जा रहा है। उनकी रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या के साथ भी अच्छी समझ है। रोहित और हार्दिक अलग-अलग दौर में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं। ऐसे में अगले सत्र में टीम की रणनीति और कामकाज में पोलार्ड की भूमिका पर सबकी नजर रहेगी।

टीम में कुछ बड़े खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच यह नियुक्ति और भी महत्वपूर्ण हो गई है। रोहित शर्मा की टीम के कामकाज में संभावित रूप से बढ़ती भूमिका के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि पोलार्ड के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस अगले सत्र के लिए किस तरह की योजना बनाती है।

मुंबई इंडियंस की सह-मालकिन नीता एम. अंबानी ने पोलार्ड की नियुक्ति पर भरोसा जताते हुए कहा कि पोलार्ड अच्छी तरह जानते हैं कि मुंबई की जर्सी पहनने और टीम के लिए खेलने का क्या अर्थ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पोलार्ड नई जिम्मेदारी में भी उसी प्रतिबद्धता, विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ काम करेंगे।

मुख्य कोच नियुक्त होने पर पोलार्ड ने इसे सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी और फिर कोच के रूप में इस सफर का हिस्सा रहने के कारण वह समझते हैं कि मुंबई इंडियंस किस चीज का प्रतिनिधित्व करती है और टीम के नीले व सुनहरे रंगों की जर्सी से जुड़ी जिम्मेदारी क्या है।

अब पोलार्ड के सामने मुंबई इंडियंस को फिर से खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदार बनाने की चुनौती होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे