home page

मानव सुथार के ऐतिहासिक छह विकेट, अफगानिस्तान 152 पर ढेर; भारत ने दिया फॉलोऑन

 | 
मानव सुथार के ऐतिहासिक छह विकेट, अफगानिस्तान 152 पर ढेर; भारत ने दिया फॉलोऑन


न्यू चंडीगढ़, 08 जून (हि.स.)। बाएं हाथ के युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपने पदार्पण मुकाबले में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट झटके और अफगानिस्तान की पहली पारी को 152 रन पर समेटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत ने पहली पारी में 412 रन की विशाल बढ़त हासिल करने के बाद अफगानिस्तान को फॉलोऑन देने का फैसला किया।

महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र मुकाबले में मानव सुथार ने 33 रन देकर 6 विकेट लिए। इसके साथ ही वह पदार्पण मुकाबले में किसी भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए।

उन्होंने 46 वर्ष पुराना दिलीप दोशी का रिकॉर्ड तोड़ा। दोशी ने वर्ष 1979 में चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पदार्पण मुकाबले में 103 रन देकर 6 विकेट लिए थे।

तीसरे दिन अफगानिस्तान ने 5 विकेट पर 113 रन से आगे खेलना शुरू किया। रहमत शाह और अजमतुल्लाह उमरजई ने संभलकर शुरुआत की, लेकिन भारत ने जल्द ही दबाव बना लिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने दिन की पहली सफलता दिलाई और उमरजई को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।

रहमत शाह ने 100 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और वह अफगानिस्तान की ओर से पचास रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज रहे।

इसके बाद मानव सुथार ने लगातार झटके दिए। उन्होंने शराफुद्दीन अशरफ को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। अगले ही ओवर में रहमत शाह और सलीम सफी को भी आउट कर अफगानिस्तान की वापसी की उम्मीद खत्म कर दी।

जियाउर रहमान शरीफी ने मैदान पर आते ही छक्का लगाया, लेकिन वाशिंगटन सुंदर ने उनका विकेट लेकर अफगानिस्तान की पारी समाप्त कर दी।

भारत की ओर से मानव सुथार ने 6 विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को 3 विकेट मिले। वाशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट हासिल किया। मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को कोई सफलता नहीं मिली।

अफगानिस्तान की ओर से अब्दुल मलिक, सदीकुल्लाह अताल, रहमानुल्लाह गुरबाज और कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे