ध्रुव जुरेल शतक से 1 रन दूर, भारत ए ने पहले दिन सात विकेट पर बनाए 291 रन
क्राइस्टचर्च, 31 अक्टूबर (हि.स.)। ध्रुव जुरेल और देवदत्त पडिक्कल की शानदार पारियों की बदौलत भारत ए ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन सात विकेट पर 291 रन बना लिए। क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शनिवार को दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान जुरेल 99 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि पडिक्कल ने 80 रन की अहम पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ए की टीम को फ्रेजर शीट ने पहले ही ओवर में सफलता दिलाई। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को चार गेंदों पर बिना खाता खोले पगबाधा आउट कर दिया। इसके बाद साई सुदर्शन और पडिक्कल ने पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर भारत ए को शुरुआती झटके से उबारा। भारतीय टीम ने लंच तक एक विकेट पर 87 रन बना लिए थे।
लंच के बाद दूसरे ओवर में जारोड मैके ने सुदर्शन को मिशेल हे के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। सुदर्शन ने 63 गेंदों पर 41 रन बनाए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए यश राठौड़ 13 रन बनाकर ब्रेट रैंडेल की गेंद पर हे को कैच दे बैठे। इस समय भारत ए का स्कोर 131 रन पर तीन विकेट था।
पडिक्कल ने एक छोर संभाले रखा और 12 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, वह 80 रन के निजी स्कोर पर शीट की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद शीट ने लगातार दो झटके देकर भारत ए की मुश्किलें बढ़ा दीं। उन्होंने स्मरण रविचंद्रन को बिना खाता खोले और वाशिंगटन सुंदर को आठ रन के स्कोर पर पगबाधा आउट किया। भारत ए का स्कोर देखते ही देखते छह विकेट पर 160 रन हो गया।
इसके बाद जुरेल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने मानव सुथार के साथ सातवें विकेट के लिए 62 रन जोड़े। सुथार ने 22 रन का योगदान दिया। इसके बाद जुरेल और आकाश दीप ने मोर्चा संभाला। दोनों ने दिन का खेल समाप्त होने तक आठवें विकेट के लिए 69 रन की अविजित साझेदारी की। जुरेल 99 रन बनाकर शतक से सिर्फ एक रन दूर हैं, जबकि आकाश दीप उनका साथ देते हुए क्रीज पर डटे हुए हैं।
न्यूजीलैंड ए की ओर से फ्रेजर शीट सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 19 ओवर में 50 रन देकर चार विकेट लिए। ब्रेट रैंडेल, जारोड मैके और जेडन लेनॉक्स को एक-एक विकेट मिला।
संक्षिप्त स्कोर: भारत ए पहली पारी में 291/7 (ध्रुव जुरेल 99 नाबाद, देवदत्त पडिक्कल 80; फ्रेजर शीट 4/50) बनाम न्यूजीलैंड ए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

