महिला क्रिकेट: भारत-दक्षिण अफ्रीका दौरे में तीन टी-20 मैच भी जोड़े गए
नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने दिसंबर में होने वाले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी शामिल कर दिए हैं। पहले इस दौरे में केवल तीन वनडे और एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना था। टी-20 श्रृंखला को अगले वर्ष फरवरी में श्रीलंका में होने वाली आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जोड़ा गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दौरे की शुरुआत अब 9 से 12 दिसंबर तक गकेबेर्हा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से होगी। इसके बाद तीन मैचों की वनडे श्रृंखला खेली जाएगी। पहला वनडे 16 दिसंबर को पार्ल, दूसरा 19 दिसंबर को केपटाउन और तीसरा 22 दिसंबर को ब्लोमफोंटेन में होगा।
दौरे के अंतिम चरण में तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। पहला टी-20 मैच 26 दिसंबर (बॉक्सिंग डे) को बेनोनी में होगा, जबकि दूसरा और तीसरा टी-20 क्रमशः 29 और 30 दिसंबर को पोटचेफस्ट्रूम में आयोजित किया जाएगा।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फोलेत्सी मोसेकी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, हमें भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे के संशोधित कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है। उत्सव के दौरान टी-20 श्रृंखला शामिल होने से हमारी महिला टीम को अगले वर्ष श्रीलंका में होने वाली पहली आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी की बेहतरीन तैयारी का अवसर मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा, भारत विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में से एक है। तीनों प्रारूपों में उसके खिलाफ खेलने का मौका हमारी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा और आगामी आईसीसी टूर्नामेंट की तैयारियों में मदद करेगा।
इसी वर्ष अप्रैल में भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था, जहां उसे पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद टी-20 विश्व कप में भी दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया था और भारतीय टीम ग्रुप चरण से बाहर हो गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

