home page

नेपाल के साथ त्रिकोणीय टी-20 सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 टीमों की कमान भाविका और अनादी को

 | 
नेपाल के साथ त्रिकोणीय टी-20 सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 टीमों की कमान भाविका और अनादी को


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को नेपाल की अंडर-19 टीम के साथ होने वाली आगामी टी-20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारतीय टीमों की घोषणा कर दी। विकेटकीपर बल्लेबाज भाविका अहिरे अंडर-19 ए और तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर अनादी तागड़े अंडर-19 बी की कप्तानी करेंगी।

यह त्रिकोणीय सीरीज 10 से 22 नवंबर तक बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेली जाएगी। यह प्रतियोगिता 2027 में होने वाले आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम है। अगले साल की शुरुआत में बांग्लादेश और नेपाल संयुक्त रूप से इस विश्व कप की मेजबानी करेंगे। भारत ने 2023 और 2025 में खिताब जीता था और अब 2027 में लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ उतरेगा।

भाविका की कप्तानी में भारतीय टीम इस साल चेन्नई और पुडुचेरी में श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ टी-20 और एकदिवसीय सीरीज जीत चुकी है। वह 2025 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य भी थीं। उस टीम में ईश्वरी अवसारे भी शामिल थीं, जिन्हें इस बार भारत अंडर-19 बी टीम में जगह मिली है। मुंबई की प्रतिभाशाली बल्लेबाज इरा जाधव को भाविका की टीम का उपकप्तान बनाया गया है। शांभवी राजपूत इस टीम में दूसरी विकेटकीपर होंगी।

भारत अंडर-19 बी टीम में महिला प्रीमियर लीग की सबसे कम उम्र की अनुबंधित खिलाड़ी उमा कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 10 लाख रुपये में अपनी टीम से जोड़ा था। इस टीम में रचिता हटवार और श्रेया एस. चव्हाण विकेटकीपर हैं। आक्रामक सलामी बल्लेबाज दीया यादव और गुजरात जायंट्स के साथ महिला प्रीमियर लीग का अनुबंध हासिल करने वाली बल्लेबाजी ऑलराउंडर समायरा राघव भी टीम का हिस्सा हैं।

दोनों टीमों की सभी खिलाड़ी हाल ही में हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में आयोजित अंडर-19 महिला टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी में खेलकर आई हैं। भारत अंडर-19 ए टीम में शामिल अनादी, इरा और नंदना श्रीधरन 2025 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम की रिजर्व खिलाड़ी थीं।

डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में होगी सीरीज

त्रिकोणीय सीरीज डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में खेली जाएगी। इसमें प्रत्येक टीम दूसरी दोनों टीमों से दो-दो बार भिड़ेगी। लीग चरण के बाद शीर्ष दो टीमें 22 नवंबर को फाइनल खेलेंगी।

सीरीज का उद्घाटन मुकाबला 11 नवंबर को भारत अंडर-19 ए और भारत अंडर-19 बी के बीच होगा। भारत अंडर-19 बी की टीम 12 नवंबर को नेपाल से खेलेगी, जबकि भारत अंडर-19 ए का सामना 14 नवंबर को नेपाल से होगा।

दूसरे चरण की शुरुआत 16 नवंबर को दोनों भारतीय टीमों के मुकाबले से होगी। भारत अंडर-19 बी की टीम 18 नवंबर को नेपाल से भिड़ेगी, जबकि भारत अंडर-19 ए का लीग चरण का अंतिम मुकाबला 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ होगा। फाइनल 22 नवंबर को खेला जाएगा।

भारत अंडर-19 ए टीम:

भाविका अहिरे (कप्तान एवं विकेटकीपर), तनिष्का शर्मा, रिया भाटी, इरा जाधव (उपकप्तान), निधि माहतो, इप्सिता मंडल, पूर्वा सिवाच, मेहक नरवसे, शांभवी राजपूत (विकेटकीपर), मैत्री मनियार, जूली कुमारी, गौरी गोयल, नंदना श्रीधरन, प्रीति कपूर और ग्रिशा कटारिया।

भारत अंडर-19 बी टीम:

अनादी तागड़े (कप्तान), उमा कश्यप (उपकप्तान), ईश्वरी अवसारे, रचिता हटवार (विकेटकीपर), दीया यादव, अर्चना, श्रेया एस. चव्हाण (विकेटकीपर), समायरा राघव, कुमारी पलक, अक्षाह परमार, निष्ठा सोती, विधि परमार, वंदिता के. राव, अक्षरा तिवारी और पलक सिंह।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे