home page

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम घोषित, माजिद मगरे बने कप्तान

 | 
इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम घोषित, माजिद मगरे बने कप्तान


नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)।

डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीसीआई) ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है।

यह सात मैचों की आईटी20 सीरीज 5 अगस्त से 19 अगस्त तक इंग्लैंड के विभिन्न मैदानों पर खेली जाएगी। जम्मू-कश्मीर के माजिद आह मगरे को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि तमिलनाडु के साई आकाश सैवामणि को उपकप्तान बनाया गया है।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 5 अगस्त को डर्बी के आवरकूप काउंटी ग्राउंड में पहले आईटी20 मुकाबले से करेगा। दूसरा मैच 7 अगस्त को भी इसी मैदान पर खेला जाएगा। तीसरा मुकाबला 9 अगस्त को लीसेस्टर के अप्टनस्टील ग्रेस रोड में होगा। चौथा मैच 12 अगस्त को होव के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा, जबकि पांचवां और छठा मुकाबला 15 और 16 अगस्त को अरुंडेल में आयोजित होगा। सीरीज का अंतिम और सातवां मैच 19 अगस्त को ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। सभी मैच स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे शुरू होंगे।

डीसीसीआई के सचिव रवि कांत चौहान ने कहा कि माजिद मगरे को कप्तान बनाया जाना न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि पूरे दिव्यांग क्रिकेट समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी कप्तानी क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।

डीसीसीआई के उपाध्यक्ष सुमित जैन ने टीम और सहयोगी स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि भारतीय टीम अपने प्रदर्शन से देशभर के दिव्यांग क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बनेगी।

भारतीय टीम फिलहाल नई दिल्ली के द्वारका स्थित छावला में विशेष प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास कर रही है। टीम के मुख्य कोच पूर्व राजस्थान रणजी कप्तान रोहित झालानी होंगे। उनके साथ देव दत्त कोच, रोहित शर्मा फील्डिंग कोच, रामस्वरूप सैनी स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच तथा मयंक पुष्कर फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका निभाएंगे।

भारतीय टीम:

माजिद आह मगरे (कप्तान), साई आकाश सैवामणि (उपकप्तान), रिजवान अल्ताफ भट, हिलाल अहमद वानी, सुदरसुन इलंगोवन, कुलदीप सिंह, तरुण, राजेश इरप्पा कन्नूर, शिव शंकरा गुंटिगानापल्ली सुब्बारायप्पा, यशवंत नायडू रवुरी, विवेक कुमार, अर्जुन राजेश गावरे, रवींद्र गोपीनाथ सांतें, योगेंद्र सिंह भदौरिया, वृषांत संदीप गुंजाल और जयेश परमार।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे