भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट : 77 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए केएल राहुल
गाले, 15 अगस्त (हि.स.)। भारत और श्रीलंका के बीच गाले में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन शनिवार को केएल राहुल 77 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गए। तीसरे सत्र का खेल शुरू होने से पहले राहुल को हाथ में तकलीफ महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा।
राहुल तीसरे सत्र में 162 गेंदों पर 77 रन बनाकर नाबाद थे और देवदत्त पडिक्कल के साथ भारतीय पारी को मजबूती दे रहे थे। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 255 गेंदों पर 150 रन की शानदार साझेदारी की।
34 वर्षीय राहुल चाय के विश्राम के दौरान अपने बांह की ओर इशारा करते हुए दर्द में नजर आए थे। तीसरे सत्र का खेल शुरू होने पर वह पडिक्कल के साथ बल्लेबाजी के लिए मैदान पर पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने फिजियो को बुलाया।
फिजियो से उपचार लेने के बावजूद राहुल को परेशानी बनी रही और वह मैदान से बाहर चले गए। बाद में उन्हें सीढ़ियां चढ़ने में भी परेशानी होती दिखाई दी।
राहुल के रिटायर्ड हर्ट होने से भारतीय टीम की पारी को झटका लगा है। हालांकि, उनकी चोट की गंभीरता को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

