home page

मिलर, फिन एलेन और क्लासेन समेत कई स्टार खिलाड़ी आईएलटी-20 के पांचवें सत्र से जुड़े

 | 
मिलर, फिन एलेन और क्लासेन समेत कई स्टार खिलाड़ी आईएलटी-20 के पांचवें सत्र से जुड़े


दुबई, 11 अगस्त (हि.स.)। डेविड मिलर, फिन एलेन और हेनरिक क्लासेन जैसे दिग्गज टी-20 बल्लेबाजों के जुड़ने से डीपी वर्ल्ड आईएलटी-20 के पांचवें सत्र में बल्लेबाजी का रोमांच बढ़ने वाला है। तीनों खिलाड़ियों को पांचवें सत्र के लिए नीलामी से पहले टीमों ने अपने साथ जोड़ा है। ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस भी तीन साल के अंतराल के बाद टूर्नामेंट में वापसी करेंगे।

न्यूजीलैंड के फिन एलेन अबू धाबी नाइट राइडर्स, जबकि दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन गल्फ जायंट्स का हिस्सा होंगे। इन तीनों खिलाड़ियों की यह आईएलटी20 में पहली उपस्थिति होगी। स्टोइनिस दुबई कैपिटल्स के लिए खेलेंगे।

आईएलटी-20 के चर्चित खिलाड़ियों में शामिल जेसन होल्डर और सुनील नरेन अबू धाबी नाइट राइडर्स, शिमरोन हेटमायर डेजर्ट वाइपर्स, जबकि रोवमैन पॉवेल और मुस्तफिजुर रहमान दुबई कैपिटल्स में लौटे हैं। गत चैंपियन डेजर्ट वाइपर्स ने एंड्रीस गाउस और डैन लॉरेंस को भी बरकरार रखा है। अजमतुल्लाह उमरजई और ब्लेसिंग मुजाराबानी गल्फ जायंट्स में लौट आए हैं।

टी-20 क्रिकेट के सबसे आक्रामक सलामी बल्लेबाजों में शुमार फिन एलेन ने टी-20 विश्व कप-2026 के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केवल 33 गेंदों में शतक लगाया था। 27 वर्षीय एलेन ने न्यूजीलैंड के लिए 62 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,663 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 170.73 रहा है।

डेविड मिलर दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी मध्यक्रम बल्लेबाज हैं। उन्होंने 140 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2,804 रन बनाए हैं। उनका औसत 33.78 और स्ट्राइक रेट 141.40 है।

विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 58 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,000 रन बनाए हैं। उन्हें खास तौर पर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है। क्लासेन करीब 300 टी-20 मैच खेल चुके हैं और उनके नाम इस प्रारूप में लगभग 7,000 रन हैं।

2021 में टी-20 विश्व कप विजेता मार्कस स्टोइनिस एक दशक से अधिक समय से ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवरों की टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 87 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,416 रन बनाए हैं। इसके अलावा दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज स्टोइनिस ने 53 विकेट भी लिए हैं।

नीलामी से पहले शामिल किए गए अन्य खिलाड़ियों में अमेरिका के मैथ्यू ट्रॉम्प को अबू धाबी नाइट राइडर्स, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान को डेजर्ट वाइपर्स, नूर अहमद को दुबई कैपिटल्स, वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड को एमआई एमिरेट्स तथा एडम मिल्ने, जेम्स विंस और वकार सलामखेल को शारजाह वॉरियर्ज ने अपने साथ जोड़ा है।

छहों फ्रेंचाइजियों ने विदेशी खिलाड़ियों के लिए नीलामी पूर्व चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है। प्रत्येक टीम अधिकतम चार खिलाड़ियों को नीलामी से पहले अपने साथ जोड़ सकती थी।

अब टीमों को यूएई, कुवैत, सऊदी अरब और अन्य विदेशी खिलाड़ियों को शामिल करने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक टीम में न्यूनतम 18 और अधिकतम 23 खिलाड़ी हो सकते हैं। डीपी वर्ल्ड आईएलटी-20 सीजन 5 की खिलाड़ी नीलामी 1 अक्टूबर, 2026 को दुबई में होगी। नीलामी के बाद प्रत्येक टीम एक अतिरिक्त वाइल्डकार्ड खिलाड़ी को भी शामिल कर सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे