home page

अरुंधति रेड्डी और साहिबजादा फरहान बने फरवरी माह के आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ

 | 
अरुंधति रेड्डी और साहिबजादा फरहान बने फरवरी माह के आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने फरवरी 2026 के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। पुरुष वर्ग में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, जबकि महिला वर्ग में भारत की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी को यह सम्मान दिया गया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन विश्वभर के प्रशंसकों के मत और पूर्व खिलाड़ियों व विशेषज्ञों की समिति के आधार पर किया गया।

साहिबजादा फरहान ने टी-20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह पुरस्कार अपने नाम किया। उन्होंने एक ही संस्करण में सबसे अधिक रन बनाकर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया और नामीबिया व श्रीलंका के खिलाफ दो शतक जड़कर इतिहास रच दिया। फरहान ने फरवरी के दौरान सात टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 383 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 76.60 और स्ट्राइक रेट 160.25 रहा।

पुरुष वर्ग में फरहान ने इंग्लैंड के विल जैक्स और अमेरिका के शैडली वैन शालविक को पीछे छोड़ा, जबकि महिला वर्ग में रेड्डी ने श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा और पाकिस्तान की फातिमा सना को पछाड़ा। फरहान ने कहा, “यह पुरस्कार जीतना मेरे लिए बेहद खास है। विश्व कप जैसे बड़े मंच पर प्रदर्शन करना गर्व की बात है और मैं इस लय को आगे भी जारी रखना चाहता हूं।”

अरुंधति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत को 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने तीन मैचों में 4/22, 2/30 और 2/35 के प्रदर्शन के साथ कुल आठ विकेट हासिल किए। उनका औसत 10.87 और इकोनॉमी 7.25 रहा। रेड्डी ने कहा, “यह सम्मान पाना मेरे लिए गर्व की बात है, खासकर ऑस्ट्रेलिया में टीम की जीत में योगदान देने के बाद। यह जीत हमारे आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे