home page

ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करेंगे सैम हार्पर, इंग्लैंड के खिलाफ मिलेगा मौका

 | 
ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करेंगे सैम हार्पर, इंग्लैंड के खिलाफ मिलेगा मौका


मेलबर्न, 20 नवंबर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज सैम हार्पर इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करेंगे। राष्ट्रीय चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। हार्पर अपने घरेलू मैदान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर ऑस्ट्रेलिया के लिए पहला मैच खेलेंगे।

हार्पर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर स्कॉट बोलैंड के बाद पदार्पण करने वाले पहले विक्टोरियाई खिलाड़ी होंगे। बोलैंड ने 2021 में बॉक्सिंग डे एशेज टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए एक पारी में सात विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, बोलैंड इससे पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके थे, जबकि हार्पर का यह ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम के लिए पहला मुकाबला होगा।

29 वर्षीय हार्पर को नियमित विकेटकीपर जोश इंग्लिस की गैरमौजूदगी में मौका मिला है। इंग्लिस न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए पांच मैचों की टी20 सीरीज से बाहर रहेंगे।

सैम हार्पर ने मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बातचीत में कहा, “एक विक्टोरियाई खिलाड़ी होने के नाते मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करना मेरे लिए बेहद खास है। मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं।”

उन्होंने अपने करियर में आए बदलाव और मानसिकता के बारे में कहा,“कुछ साल पहले मैंने खुद से एक वादा किया था कि चाहे मुझे एक और बिग बैश लीग खेलनी पड़े, दो और सत्र खेलने पड़ें या फिर बेल्जियम और श्रीलंका में क्रिकेट खेलना पड़े, मैं हर जगह अपने स्वाभाविक अंदाज में खेलूंगा। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा, खेल का आनंद लूंगा और उसी तरह क्रिकेट खेलूंगा, जैसे अंडर-11 के दिनों में खेला करता था।।”

पिछले 12 से 18 महीनों में बेल्जियम, श्रीलंका और फिर दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट टीम के साथ रहने तक मैंने हमेशा मुस्कुराते हुए क्रिकेट खेला है। मुझे लगता है कि अब मैंने खुद पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालने के बजाय अपनी क्षमता के मुताबिक स्वाभाविक खेल दिखाना शुरू कर दिया है।”

हार्पर पिछले सत्र में बिग बैश लीग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए थे। उन्होंने टूर्नामेंट में 54 की औसत से 381 रन बनाए थे। इसके अलावा श्रीलंका प्रीमियर लीग में गॉल गैलेंट्स की ओर से खेलते हुए 425 रन बनाकर टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

उनके प्रदर्शन का असर राष्ट्रीय चयन में भी दिखा। ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से पदार्पण पर शतक लगाने के बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टेस्ट टीम में जगह मिली थी। अब वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों के सामने टीम संयोजन की चुनौती

ऑस्ट्रेलिया की टीम को इस सीरीज में कई प्रमुख खिलाड़ियों के बिना उतरना होगा। जोश इंग्लिस के अलावा ट्रेविस हेड, मैथ्यू रेनशॉ, कैमरन ग्रीन और कूपर कोनोली भी न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी चार टेस्ट मैचों की सीरीज की तैयारी में जुटेंगे। कैमरन ग्रीन फिलहाल कन्कशन प्रोटोकॉल में हैं।

दूसरी ओर, इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक की टीम भी कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के बिना खेलेगी। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन और सन्नी बेकर को एकदिवसीय सीरीज के बाद आराम दिया गया है। ब्रूक और विकेटकीपर जॉर्डन कॉक्स सिडनी में चौथे टी20 मुकाबले के बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए रवाना होंगे।

ब्रूक ने कहा कि उनकी टीम टी20 क्रिकेट में शानदार लय में है और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। टीम का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीतना है। उन्होंने यह भी कहा कि टीम में कुछ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इनमें 18 वर्षीय थॉमस रेव के अलावा युवा गेंदबाज एडी जैक और हेनरी क्रॉम्ब शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड टी20 सीरीज का कार्यक्रम

- पहला टी20 : 21 नवंबर, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड, शाम 7:15 बजे (ऑस्ट्रेलियाई समय)।

- दूसरा टी20 : 24 नवंबर, गोल्ड कोस्ट स्टेडियम, शाम 7:15 बजे।

- तीसरा टी20 : 27 नवंबर, गाबा, शाम 7:15 बजे।

- चौथा टी20 : 29 नवंबर, सिडनी क्रिकेट ग्राउंड, शाम 7:15 बजे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे