home page

डब्ल्यूसीपीएल : हरलीन देओल बारबाडोस ट्राइडेंट्स से जुड़ीं, टूर्नामेंट में करेंगी पदार्पण

 | 
डब्ल्यूसीपीएल : हरलीन देओल बारबाडोस ट्राइडेंट्स से जुड़ीं, टूर्नामेंट में करेंगी पदार्पण


ब्रिजटाउन, 12 सितंबर (हि.स.)। भारतीय बल्लेबाज हरलीन देओल महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूसीपीएल) के 2026 सत्र के बाकी मुकाबलों के लिए गत चैंपियन बारबाडोस ट्राइडेंट्स से जुड़ गई हैं। इसके साथ ही वह पहली बार महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग में खेलती नजर आएंगी। हरलीन बारबाडोस पहुंच चुकी हैं और टीम की पांचवीं विदेशी खिलाड़ी होंगी।

28 वर्षीय हरलीन फिलहाल भारत की सीनियर या भारत ‘ए’ टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में वह पूरे टूर्नामेंट के दौरान बारबाडोस ट्राइडेंट्स के साथ बनी रहेंगी। हरलीन के जुड़ने से महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी और मजबूत हुई है। टूर्नामेंट में उपलब्ध 20 विदेशी खिलाड़ियों के स्थानों में से पांच पर अब भारतीय खिलाड़ियों का कब्जा है। हरलीन के अलावा किरण नवगिरे और पूजा वस्त्राकर बारबाडोस ट्राइडेंट्स का हिस्सा हैं, जबकि शिखा पांडे और यास्तिका भाटिया ट्रिनबागो नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

हरलीन ने भारत के लिए 28 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। उन्होंने 20 पारियों में 92.01 के स्ट्राइक रेट से 311 रन बनाए हैं। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। हरलीन महिला प्रीमियर लीग में गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्ज के लिए भी खेल चुकी हैं। उन्होंने महिला प्रीमियर लीग के 28 मुकाबलों में 115.68 के स्ट्राइक रेट से 649 रन बनाए हैं।

बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने अपने खिताब बचाने के अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के खिलाफ 21 रन की हार से की थी। टीम को इस सप्ताहांत दो मुकाबले खेलने हैं। शनिवार को उसका सामना जमैका एम्प्रेस से, जबकि रविवार को गुयाना अमेजन वॉरियर्स से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे