home page

पाकिस्तान टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम का ऐलान, जैकब बेथेल बाहर, पोप, कार्से और लॉरेंस की वापसी

 | 
पाकिस्तान टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम का ऐलान, जैकब बेथेल बाहर, पोप, कार्से और लॉरेंस की वापसी


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ 19 अगस्त से शुरू होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबलों के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। घुटने की चोट के कारण जैकब बेथेल पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं, जबकि ओली पोप, ब्रायडन कार्से और डैन लॉरेंस की टीम में वापसी हुई है।

काउंटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के दम पर डैन लॉरेंस ने दो साल बाद टेस्ट टीम में जगह बनाई है। सरे के लिए इस सीजन में वह डिवीजन-वन के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। लॉरेंस के छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है, जबकि जेमी स्मिथ सातवें नंबर पर उतरेंगे।

बेथेल की गैरमौजूदगी में जॉर्डन कॉक्स को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिलेगा। कॉक्स ने इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल टेस्ट में पदार्पण किया था। बेथेल को पिछले महीने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान दाएं घुटने में चोट लगी थी, जिसके चलते वह पूरी पाकिस्तान सीरीज से बाहर हो गए हैं।

तेज गेंदबाज सैम कुक की भी टीम में वापसी हुई है। उन्होंने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था। वहीं ओली पोप और ब्रायडन कार्से भी पिछली एशेज सीरीज के बाद पहली बार टेस्ट टीम में लौटे हैं। कार्से चोट के कारण बाहर थे, जबकि पोप को खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन के चलते टीम से बाहर किया गया था।

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में शामिल रहे पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स, जो अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, चोटिल बेथेल और लेग स्पिनर रेहान अहमद इस टीम का हिस्सा नहीं हैं।

यह सीरीज इंग्लैंड के लिए स्टोक्स-ब्रेंडन मैकुलम युग के बाद पहला टेस्ट असाइनमेंट भी होगी। जो रूट 2022 में कप्तानी छोड़ने के बाद पहली बार पूर्णकालिक टेस्ट कप्तान के रूप में टीम की अगुआई करेंगे। स्टीफन फ्लेमिंग को टेस्ट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है, लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका दौरे से कार्यभार संभालेंगे। पाकिस्तान सीरीज में मार्कस ट्रेस्कोथिक अंतरिम मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे।

राष्ट्रीय चयनकर्ता मार्कस नॉर्थ ने कहा, पहले दो टेस्ट के लिए हमने ऐसी टीम चुनी है, जिसमें युवा प्रतिभा और अनुभव का अच्छा संतुलन है। डैन लॉरेंस ने काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और हमें भरोसा है कि वह मध्यक्रम को मजबूती देंगे। वहीं जॉर्डन कॉक्स को जैकब बेथेल की जगह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

सीरीज का पहला टेस्ट 19 अगस्त से लीड्स में, दूसरा 27 अगस्त से लॉर्ड्स में और तीसरा व अंतिम टेस्ट 9 सितंबर से एजबेस्टन में खेला जाएगा।

पाकिस्तान के खिलाफ पहले दो टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम:

जो रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्से, सैम कुक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, डैन लॉरेंस, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ और जोश टंग।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे