home page

दलीप ट्रॉफी: तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी से साउथ जोन फाइनल में, नॉर्थ जोन को 7 विकेट से हराया

 | 
दलीप ट्रॉफी: तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी से साउथ जोन फाइनल में, नॉर्थ जोन को 7 विकेट से हराया


बेंगलुरु, 02 सितंबर (हि.स.)। कप्तान तिलक वर्मा की लगातार दूसरी शानदार पारी और एमडी नितीश की घातक गेंदबाजी के दम पर बुधवार को साउथ जोन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली। साउथ जोन ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 में खेले गए सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन को सात विकेट से हराया।

पहली पारी में शतक जड़ने वाले तिलक ने दूसरी पारी में नाबाद 51 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। वहीं, एमडी नितीश ने पांच विकेट लेकर नॉर्थ जोन की दूसरी पारी को 297 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

नॉर्थ जोन ने बुधवार को सात विकेट पर 256 रन से आगे खेलना शुरू किया था। उसके पास 139 रनों की बढ़त थी। अंशुल कंबोज और निशांत सिंधु ने आठवें विकेट के लिए साझेदारी को 60 रन तक पहुंचाया लेकिन नितीश ने कंबोज को 36 रन पर बोल्ड कर दिया।

इसके बाद गुरनूर बरार और अर्शदीप सिंह ने एक-एक छक्का लगाया लेकिन नितीश ने दोनों को पवेलियन भेज दिया और पांच विकेट पूरे किए। नॉर्थ जोन की पूरी टीम 297 रन पर सिमट गई और निशांत सिंधु 35 रन बनाकर नाबाद रहे।

साउथ जोन को जीत के लिए 181 रनों का लक्ष्य मिला। रिकी भुई और नारायण जगदीशन ने 64 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। भुई ने 53 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 42 रन बनाए लेकिन गुरनूर बराड़ ने उन्हें आउट कर दिया।

शेख रशीद केवल एक रन बनाकर आबिद मुश्ताक का शिकार बने। इसके बाद जगदीशन और तिलक वर्मा ने पारी संभाली और लंच तक साउथ जोन का स्कोर दो विकेट पर 72 रन पहुंचा दिया।

दूसरे सत्र में दोनों ने टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। हालांकि जगदीशन 43 रन बनाकर आबिद मुश्ताक की गेंद पर स्टंप हो गए। इसके बाद तिलक ने आर. स्मरण के साथ मिलकर नाबाद 79 रन की साझेदारी की और साउथ जोन को जीत दिला दी।

तिलक ने कंबोज की गेंद पर दो चौके और मुश्ताक की गेंद पर एक चौका लगाया। दूसरी ओर स्मरण ने आयुष बडोनी की ऑफ स्पिन के खिलाफ दो चौके जड़े। आखिर में तिलक ने चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को सात विकेट से जीत दिला दी।

पहली पारी में भी तिलक का शतक रहा निर्णायक

साउथ जोन की जीत की नींव तिलक ने पहली पारी में ही रख दी थी। नॉर्थ जोन के 195 रन के जवाब में साउथ जोन ने एक समय 80 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तिलक ने श्रेयस गोपाल के साथ 175 रनों की शानदार साझेदारी की। तिलक ने नाबाद 116 रन बनाए, जबकि गोपाल ने 87 रन की पारी खेली। इससे साउथ जोन को पहली पारी में 117 रन की महत्वपूर्ण बढ़त मिली।

नॉर्थ जोन की ओर से सनत सांगवान और आयुष दोसेजा ने अर्धशतक लगाकर मुकाबले को रोमांचक बनाने की कोशिश की लेकिन तीसरे दिन बल्लेबाजी में फिर लड़खड़ाने के कारण नॉर्थ जोन वापसी नहीं कर सका।

फाइनल में साउथ जोन का सामना ईस्ट जोन से होगा। ईस्ट जोन ने मंगलवार को सेंट्रल जोन को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। खिताबी मुकाबला छह सितंबर से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

संक्षिप्त स्कोर:

नॉर्थ जोन- 195 और 297 रन (सनत सांगवान 76, आयुष दोसेजा 52; एमडी नितीश 5/56, कावुरी साईतेजा 2/57)

साउथ जोन- 312 और 182/3 (तिलक वर्मा 51*, नारायण जगदीशन 43, रिकी भुई 42; आबिद मुश्ताक 2/55)

परिणाम: साउथ जोन सात विकेट से विजयी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे