home page

डीपीएल-2026: लगातार दो अहम मुकाबलों में जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी पुरानी दिल्ली 6

 | 
डीपीएल-2026: लगातार दो अहम मुकाबलों में जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी पुरानी दिल्ली 6


नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में पहली जीत दर्ज करने के बाद पुरानी दिल्ली 6 की टीम अब लगातार दो अहम मुकाबलों में इसी लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टीम ने सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्ट दिल्ली लायंस को सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट में शानदार वापसी की थी।

पहले मुकाबले में हार झेलने के बाद पुरानी दिल्ली 6 ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 181 रन के लक्ष्य का सफल पीछा किया। देव लाकड़ा ने 33 गेंदों में 64 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान अनुज रावत ने नाबाद 49 रन बनाकर टीम को दो ओवर से अधिक शेष रहते जीत दिलाई। अब पुरानी दिल्ली 6 का सामना बुधवार को सेंट्रल दिल्ली किंग्स और गुरुवार को नई दिल्ली टाइगर्स से होगा। टीम के लिए ये दोनों मुकाबले अंक तालिका के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

जीत के बाद टीम के मालिक आकाश नांगिया ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, यह पूरी टीम का बेहद संतोषजनक प्रदर्शन था। पहले मैच के बाद खिलाड़ियों ने जिस तरह आत्मविश्वास, जुझारूपन और मजबूत इरादे के साथ वापसी की, वह काबिले-तारीफ है। पहली ही गेंद पर विकेट गंवाने के बावजूद 181 रन का लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं था, लेकिन देव लाकड़ा की आक्रामक बल्लेबाजी और कप्तान अनुज रावत की संयमित पारी ने टीम की गुणवत्ता और आत्मविश्वास को साबित कर दिया।

नांगिया ने गेंदबाजों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, मैं गेंदबाजी इकाई की भी सराहना करना चाहूंगा, जिसने वेस्ट दिल्ली लायंस की तेज शुरुआत के बावजूद उन्हें 180 रन पर रोक दिया। इस तरह का प्रदर्शन सामूहिक प्रयास का परिणाम होता है और यह देखना उत्साहजनक है कि जरूरत पड़ने पर अलग-अलग खिलाड़ी आगे आकर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, यह जीत हमें महत्वपूर्ण गति और आत्मविश्वास देती है। हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है और आने वाले मुकाबलों को लेकर हम उत्साहित हैं।

पहली जीत से मिले आत्मविश्वास के साथ अब पुरानी दिल्ली 6 की नजर लगातार दो और जीत दर्ज कर डीपीएल 2026 में अपनी स्थिति और मजबूत करने पर होगी।

पुरानी दिल्ली 6 टीम

अनुज रावत (कप्तान), ललित यादव, उधव मोहन, रजनीश दादर, रोहन राणा, आर्यन गौर, वनम अग्रवाल, अजय अहलावत, कुश नागपाल, दिग्वेश राठी, युग गुप्ता, कबीर सचदेवा, गौरव सरोहा, देव लाकड़ा, समर्थ सेठ, मोहक कुमार, यश कुमार, पंकज जसवाल, हर्षवर्धन फोगाट, अर्जुन रेक्सवाल, लक्ष्य वर्मा, प्रिंस मिश्रा, अश्विनी चिल्लर, आदित्य वर्मा और आदित्य मल्होत्रा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे