डीपीएल महिला नीलामी में पारुनिका सिसोदिया बनीं सबसे महंगी खिलाड़ी
नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) टी-20 के तीसरे सीजन के लिए बुधवार को महिला खिलाड़ियों की नीलामी में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पिछले दो सफल संस्करणों के बाद महिला प्रतियोगिता अब देश के सबसे रोमांचक घरेलू क्रिकेट मंचों में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी है। नीलामी में चारों फ्रेंचाइजियों ने दिल्ली की शीर्ष महिला क्रिकेटरों और उभरती प्रतिभाओं को अपनी टीम में शामिल करने के लिए खुलकर बोली लगाई।
डीपीएल 2026 महिला नीलामी में कई खिलाड़ियों के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड का भी रणनीतिक उपयोग किया गया, जबकि कई बड़े नामों पर भारी रकम खर्च की गई। अंतरराष्ट्रीय अनुभव, घरेलू क्रिकेट और युवा प्रतिभाओं के बेहतरीन मिश्रण के साथ सभी चार फ्रेंचाइजियों ने संतुलित और मजबूत टीम तैयार की।
मार्की खिलाड़ियों पर रही सबसे ज्यादा नजर
मार्की खिलाड़ियों की सूची में शामिल क्रिकेटरों पर सभी टीमों ने दिलचस्पी दिखाई। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पारुनिका सिसोदिया और सिमरन दिल बहादुर को टीम में शामिल किया। सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने सोनी यादव का साथ देने के लिए अरुषि गोयल को खरीदा। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने अपनी गेंदबाजी मजबूत करने के लिए प्रिया मिश्रा को शामिल किया, जबकि आयुषी सोनी पहले से टीम में बरकरार थीं। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ ने भारतीय बल्लेबाज प्रिया पुनिया को खरीदा, जो पहले से बरकरार भारत अंडर-19 स्टार श्वेता सहरावत के साथ टीम की ताकत बढ़ाएंगी।
पारुनिका बनीं सबसे महंगी खिलाड़ी
बाएं हाथ की स्पिनर पारुनिका सिसोदिया नीलामी की सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। उन्हें ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 14 लाख रुपये में खरीदा। वहीं ऑलराउंडर अरुषि गोयल को सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने 11 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा।
नीलामी के सात सबसे महंगे खिलाड़ी
1. पारुनिका सिसोदिया – ईस्ट दिल्ली राइडर्स – ₹14 लाख
2. अरुषि गोयल – सेंट्रल दिल्ली क्वींस – ₹11 लाख
3. सुमिति सोनी – सेंट्रल दिल्ली क्वींस – ₹8 लाख
4. सिमरन दिल बहादुर – ईस्ट दिल्ली राइडर्स – ₹8 लाख
5. पूर्वा सिवाच – ईस्ट दिल्ली राइडर्स – ₹7 लाख
6. समायरा राघव – नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स – ₹7 लाख
7. प्रज्ञा रावत – ईस्ट दिल्ली राइडर्स – ₹7 लाख
आरटीएम कार्ड का भी हुआ इस्तेमाल
फ्रेंचाइजियों ने पिछले सीजन के अपने भरोसेमंद खिलाड़ियों को बनाए रखने के लिए राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड का उपयोग किया। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने प्रज्ञा रावत को 7 लाख रुपये में वापस अपनी टीम में शामिल किया। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने समायरा राघव को 7 लाख रुपये में आरटीएम के जरिए बरकरार रखा। नीलामी समाप्त होने के बाद चारों फ्रेंचाइजियों ने अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का संतुलित संयोजन तैयार कर लिया है, जिससे डीपीएल 2026 का महिला संस्करण बेहद प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है।
संपूर्ण टीमें
सेंट्रल दिल्ली क्वींस
सोनी यादव, अरुषि गोयल, मोनिका, दीक्षा शर्मा, निधि महतो, सुमिति सोनी, मेधावी बिधूड़ी, रितिशा खुशी, निधि तंवर, कनिका माथुर, आर. प्रियदर्शिनी, रिया कोंडल, साची, ज्योति, मल्लिका खत्री, नेहा परमार, पूजा हलदर, अक्षिता जैन, निष्ठा बिष्ट, काशवी कुमार, चेल्सी यादव, तनु चौहान।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स
पारुनिका सिसोदिया, सिमरन दिल बहादुर, भारती रावल, प्रज्ञा रावत, पूर्वा सिवाच, वंशिका लीला, आरना दुदेजा, गोयिंका शर्मा, माही चौहान, नीलांचल नेरवाल, सोनाक्षी, तमन्ना सिंह, सुहाना अत्री, इशिका, रिति तोमर, हृदया शर्मा, नेहा छिल्लर, उर्वशी गुप्ता, जसलीन कौर, गीत रारहाना, यशस्वी धीमन, राजश्री यादव।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स
आयुषी सोनी, प्रिया मिश्रा, नाजमा, उपासना यादव, रिया शोकीन, शिवी शर्मा, अंशु नागर, अर्चना, रेशिका बेनीवाल, समायरा राघव, समृद्धि ढींगरा, अरमीत कौर, नंदिनी गिरी, प्रियंशी, अनन्या भारद्वाज, मानसी गर्ग, शिवानी जांगिड़, श्वेता सिंह, नैन्सी त्यागी, अपेक्षा आनंद, झिलमिल, अनामिका।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़
प्रिया पुनिया, श्वेता सहरावत, एकता भदाना, तनिषा सिंह, दिशा नागर, मयूरी सिंह, निशिका सिंह, हिमाक्षी चौधरी, तनिष्का सिंह, आरती कुमारी, छवि गुप्ता, काशिश, अनन्या पाहुजा, अवलीन कौर, हर्षिता, मिताली आर, गीतांजलि, प्रगति बिष्ट, अनामिका कुमारी, यशिका, रूपाली विश्व मोहन।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

