home page

डीपीएल: आर्यन गौर की अर्धशतकीय पारी की बदौलत पुरानी दिल्ली 6 ने दर्ज की शानदार जीत

 | 
डीपीएल: आर्यन गौर की अर्धशतकीय पारी की बदौलत पुरानी दिल्ली 6 ने दर्ज की शानदार जीत


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)।

दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में गुरुवार रात अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 27 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टीम की जीत में सलामी बल्लेबाज आर्यन गौर की विस्फोटक पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की अहम भूमिका रही।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरानी दिल्ली 6 ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 177 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज आर्यन गौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 91 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

आर्यन के 13वें ओवर में ऋतिक शोकीन का शिकार बनने के बाद पुरानी दिल्ली 6 की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते हुए 155 रन पर सात विकेट खो दिए। हालांकि, अंत में दिग्वेश सिंह राठी ने नौ गेंदों पर नाबाद 19 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम का स्कोर 177 रन तक पहुंचाया।

न्यू दिल्ली टाइगर्स की ओर से ऋतिक शोकीन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 18 रन देकर चार विकेट लिए। लक्ष्मण ने भी चार ओवर में 29 रन देकर चार विकेट झटके।

178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की टीम कभी भी लय हासिल नहीं कर सकी। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में रही और 119 रन तक पहुंचते-पहुंचते पांच विकेट गंवा दिए।

कप्तान हिम्मत सिंह ने 25 गेंदों पर 36 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। निर्धारित 20 ओवर में न्यू दिल्ली टाइगर्स की टीम आठ विकेट पर 150 रन ही बना सकी और मुकाबला 27 रन से हार गई।

पुरानी दिल्ली 6 की ओर से रजनीश दादर ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। वहीं पंकज जसवाल ने चार ओवर में एक मेडन सहित सिर्फ 22 रन देकर एक विकेट हासिल किया और टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे