डीपीएल में पहली जीत के बाद मोनिका बोलीं- अब इसी लय को बनाए रखना होगा
नई दिल्ली, 28 अगस्त (हि.स.)। सेंट्रल दिल्ली क्वींस की बल्लेबाज मोनिका ने महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में टीम की पहली जीत के बाद कहा कि अब उनका लक्ष्य इस लय को बरकरार रखते हुए बाकी दोनों मुकाबले जीतना और प्लेऑफ में जगह बनाना है।
सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को तीन रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम ने लगातार तीन हार के सिलसिले को भी तोड़ दिया।
मोनिका ने 42 गेंदों पर 47 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर सेंट्रल दिल्ली की ओर से सर्वाधिक रन बनाए।
उन्होंने कहा कि तीन हार के बाद पहली जीत हासिल करना वाकई बहुत अच्छा लग रहा है। हमें बस इसी लय को बनाए रखने और अपने आखिरी दोनों मैच भी जीतने की कोशिश करने की जरूरत है।
अपनी बल्लेबाजी को लेकर मोनिका ने कहा कि टीम के सामने कोई खास रणनीति नहीं थी, बल्कि लगातार गिरते विकेटों के बीच सकारात्मक बने रहना और टीम के लिए योगदान देना ही उनका मुख्य लक्ष्य था।
उन्होंने कहा, “कोई खास योजना नहीं थी। हम बस ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहते थे। विकेट नियमित अंतराल पर गिर रहे थे और दबाव भी था, इसलिए हमारा मुख्य फोकस सकारात्मक बने रहने और टीम के लिए योगदान देने पर था।”
स्थानीय डीडीसीए लीग में लगातार चार शतक लगाने वाली मोनिका ने लगातार मुकाबले खेलने से मिलने वाले अनुभव को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जीत के साथ-साथ हार से भी टीम को काफी कुछ सीखने को मिलता है।
उन्होंने कहा, “लगातार मैच खेलने से आपको बहुत कुछ सीखने को मिलता है। हम हर मुकाबले से सीखते हैं, जिसमें वे मैच भी शामिल हैं जिन्हें हम हारते हैं। ये अनुभव हमें अपनी गलतियों को समझने और एक टीम के तौर पर बेहतर होने में मदद करते हैं।”
मोनिका ने कहा कि टीम अपने बाकी दोनों मुकाबलों में पूरी ताकत लगाएगी। “हम दोनों मैच जीतने की पूरी कोशिश करेंगे और उम्मीद है कि हम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लेंगे।”
पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने 20 ओवर में सात विकेट पर 125 रन बनाए। दीक्षा शर्मा और निधि महतो ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। इसके बाद आरुषि गोयल और मोनिका ने 44 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। आरुषि ने 26 गेंदों पर 22 रन बनाए, जबकि मोनिका 47 रन के साथ टीम की शीर्ष स्कोरर रहीं। नॉर्थ दिल्ली की ओर से अपेक्षा आनंद ने चार ओवर में 17 रन देकर चार विकेट लिए।
126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत धीमी रही और टीम 13 ओवर में दो विकेट पर 65 रन तक ही पहुंच सकी। आयुष सोनी ने 40 गेंदों पर 51 रन की जुझारू पारी खेलकर टीम की उम्मीदें बनाए रखीं।
आखिरी तीन गेंदों पर नॉर्थ दिल्ली को जीत के लिए छह रन चाहिए थे। दीक्षा शर्मा ने अंतिम ओवर में पहली गेंद पर चौका खाने के बावजूद शानदार वापसी की और बाकी गेंदों पर जरूरी रन नहीं बनने दिए। इस तरह सेंट्रल दिल्ली ने तीन रन से रोमांचक जीत दर्ज की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

