नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने जीता महिला दिल्ली प्रीमियर लीग का खिताब
नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने बुधवार रात अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को छह विकेट से हराकर महिला दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 का खिताब जीत लिया है। 123 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 19 ओवर में चार विकेट पर 128 रन बनाकर खिताब अपने नाम किया।
इससे पहले साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 122 रन बनाए। कप्तान श्वेता सहरावत ने 32 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 31 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर निशिका सिंह 30 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहीं।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए साउथ दिल्ली की बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। प्रिया मिश्रा, नाजमा, अर्चना, रेशिका बेनीवाल और अपेक्षा आनंद ने एक-एक विकेट लिया। अपेक्षा आनंद ने विशेष रूप से किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में केवल 13 रन दिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को उपासना यादव ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने आठ गेंदों पर नौ रन बनाए, जिसमें दो चौके शामिल थे। हालांकि साउथ दिल्ली की गेंदबाजों ने वापसी करते हुए शुरुआती झटके दिए और नॉर्थ दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 15 रन कर दिया।
इसके बाद कप्तान आयुषी सोनी और अर्चना ने पारी को संभाला। आयुषी ने 39 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि अर्चना ने 36 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 40 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
नॉर्थ दिल्ली को अंतिम चार ओवर में जीत के लिए 20 रन की जरूरत थी और मुकाबला रोमांचक स्थिति में था। नाजमा ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर चार चौकों की मदद से नाबाद 24 रन बनाए। समायरा राघव ने छह गेंदों पर नाबाद सात रन बनाए, जिसमें एक छक्का शामिल था।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की और दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 महिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

