home page

रणजी ट्रॉफी में तुषार देशपांडे की हैट्रिक, मुंबई के लिए ऐसा करने वाले छठे गेंदबाज

 | 
रणजी ट्रॉफी में तुषार देशपांडे की हैट्रिक, मुंबई के लिए ऐसा करने वाले छठे गेंदबाज


मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने सोमवार को रणजी ट्रॉफी 2026-27 में चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले के दूसरे दिन शानदार हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। वह रणजी ट्रॉफी में मुंबई की ओर से हैट्रिक लेने वाले छठे गेंदबाज बन गए हैं।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में देशपांडे ने लगातार तीन गेंदों पर अर्जुन आजाद, शिवम भांबरी और दीपेंद्र कुश को आउट किया। उनकी इस उपलब्धि से चंडीगढ़ की टीम मुंबई के पहली पारी में बनाए गए 429 रन के जवाब में छह विकेट पर 37 रन बनाकर संकट में आ गई। देशपांडे ने खबर लिखे जाने तक 17 रन देकर पांच विकेट हासिल कर लिए थे।

मुंबई के लिए हैट्रिक लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शामिल

देशपांडे से पहले मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी में पांच गेंदबाज हैट्रिक ले चुके हैं। इस सूची में जहांगीर खोत, उमेश कुलकर्णी, अब्दुल इस्माइल, रॉयस्टन डायस और शार्दुल ठाकुर शामिल हैं।

मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी में हैट्रिक लेने वाले गेंदबाज

- जहांगीर खोत: 1943-44 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में बड़ौदा के खिलाफ।

- उमेश कुलकर्णी: 1963-64 में आनंद में गुजरात के खिलाफ।

- अब्दुल इस्माइल: 1973-74 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में सौराष्ट्र के खिलाफ।

- रॉयस्टन डायस: 2023-24 में पटना में बिहार के खिलाफ।

- शार्दुल ठाकुर: 2024-25 में मुंबई के बीकेसी मैदान पर मेघालय के खिलाफ।

देशपांडे की हैट्रिक ने मुंबई को मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। चंडीगढ़ के सामने अब मुंबई की पहली पारी के स्कोर तक पहुंचने और मुकाबले में वापसी करने की कठिन चुनौती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे