सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' का फर्स्ट लुक जारी, 14 मई 2027 को होगी रिलीज
नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के जन्मदिन (8 जुलाई) के मौके पर उनकी बहुप्रतीक्षित बायोपिक 'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला पोस्टर बुधवार को जारी कर दिया गया। इसके साथ ही निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया। यह फिल्म 14 मई 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव सौरव गांगुली के ऐतिहासिक लॉर्ड्स बालकनी में जर्सी लहराने वाले प्रतिष्ठित अंदाज को दोहराते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य 2002 के नैटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल में इंग्लैंड पर भारत की यादगार जीत के बाद का है, जिसे भारतीय क्रिकेट के नए और निडर दौर की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
गांगुली बोले- जन्मदिन का सबसे बड़ा तोहफा
सौरव गांगुली ने फर्स्ट लुक जारी होने पर कहा,जन्मदिन हमेशा खास होता है और आज मेरी बायोपिक 'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' का फर्स्ट लुक सामने आना इसे और भी यादगार बना देता है। यह मेरे लिए अब तक का सबसे बेहतरीन जन्मदिन का उपहार है। पोस्टर ने मेरे क्रिकेट करियर की सबसे यादगार यादों को फिर से जीवंत कर दिया। राजकुमार राव ने इस किरदार को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया है। मैं उन्हें और पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि दर्शक 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में इस फिल्म का भरपूर आनंद लेंगे।
गांगुली के संघर्ष और नेतृत्व की कहानी दिखाएगी फिल्म
फिल्म में सौरव गांगुली के युवा क्रिकेटर से भारतीय टीम के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में से एक बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा। इसमें उनके संघर्ष, दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और भारतीय क्रिकेट की सोच बदलने वाले फैसलों को बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा।
फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने ने किया है। इसका निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है। फिल्म को टी-सीरीज और डीबीएल प्रस्तुत कर रहे हैं। 'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' 14 मई 2027 को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

