सैंडपेपर विवाद पर कमिंस ने ख्वाजा के आरोपों को बताया बकवास,कहा-पूरी टीम को जानकारी होने का दावा गलत
सिडनी, 13 नवंबर (हि.स.)।ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने शुक्रवार को 2018 के सैंडपेपर विवाद को लेकर उस्मान ख्वाजा के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी होने का दावा “100 प्रतिशत गलत” है। उन्होंने ख्वाजा के आरोपों को “पूरी तरह बकवास” करार दिया।
क्रिकेट से संन्यास ले चुके ख्वाजा ने इस सप्ताह अपनी आत्मकथा जारी की है। इसमें 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में हुए गेंद से छेड़छाड़ विवाद पर एक अध्याय भी शामिल है। इस विवाद ने विश्व क्रिकेट को हिलाकर रख दिया था। ख्वाजा ने अपनी किताब में आरोप लगाया है कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम, जिसमें कमिंस भी शामिल थे, को सैंडपेपर के जरिए गेंद की सतह खुरदरी करने की योजना की जानकारी थी, ताकि गेंद को स्विंग कराया जा सके।
यह विवाद केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट से जुड़ा था, लेकिन ख्वाजा ने दावा किया कि पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी इस तरीके का इस्तेमाल किया गया था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में निष्कर्ष निकला था कि केवल डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बेनक्रॉफ्ट को इस योजना की जानकारी थी। तीनों को अपमानजनक परिस्थितियों में स्वदेश भेज दिया गया था और बाद में उन पर प्रतिबंध भी लगाया गया। स्मिथ को कप्तानी से हटा दिया गया था। इसके बाद टिम पेन ने कप्तानी संभाली और फिर कमिंस ऑस्ट्रेलिया के कप्तान बने।
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस ने कहा, “जब वह कहते हैं कि हम सभी को इसकी जानकारी थी, अगर उनका मतलब यह है कि हमें पता था कि सैंडपेपर मैदान पर ले जाया जा रहा है, तो वह 100 प्रतिशत गलत हैं। मैं पिछले आठ वर्षों से लगातार यही कहता आ रहा हूं। मुझे इसकी जानकारी नहीं थी कि ऐसा हो रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन मुझे लगता है कि उस्मान वास्तव में इससे कहीं अधिक गंभीर बातें कहते हैं। वह कहते हैं कि मैं और कुछ अन्य लोग सैंडपेपर से गेंद के साथ छेड़छाड़ करने की योजना के सूत्रधार थे। यह पूरी तरह और बिल्कुल बकवास है।”
कमिंस और उनके साथी गेंदबाजों मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड तथा नाथन लियोन ने 2021 में एक सार्वजनिक बयान जारी कर कहा था कि उन्हें इस योजना की जानकारी नहीं थी। वॉर्नर ने इस सप्ताह अपने करीबी दोस्त ख्वाजा के नए दावों का जोरदार समर्थन किया है।
हालांकि, उस समय ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच रहे डैरेन लेहमैन ने किसी भी जानकारी से इनकार किया है। पूर्व बल्लेबाजी कोच ग्राहम हिक ने भी ख्वाजा के आरोपों को “पूरी तरह झूठा” बताते हुए खारिज किया है। स्टार्क ने भी इस सप्ताह अपना पुराना रुख दोहराते हुए कहा कि उन्हें मैदान पर चीजें ले जाए जाने की जानकारी नहीं थी। लियोन और हेजलवुड ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। स्मिथ और बेनक्रॉफ्ट ने भी चुप्पी साध रखी है।
कमिंस ने ख्वाजा पर आठ साल बाद इस तरह के गंभीर आरोप सामने लाने के तरीके को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “उस्मान मेरा दोस्त है, लेकिन दोस्त एक-दूसरे के जीवन और प्रतिष्ठा के साथ इस तरह लापरवाही नहीं बरतते। अपनी किताब में उसने मेरे जीवन और कई अन्य लोगों के जीवन के साथ-साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के साथ भी लापरवाही बरती है। मुझे लगता है कि उसने अपनी कहानी जिस तरीके से पेश की है, उसमें उसने काफी लापरवाही दिखाई है। और इससे बहुत सारे लोग प्रभावित होते हैं।”
इस सप्ताह मीडिया से बातचीत के दौरान ख्वाजा ने कहा था कि केपटाउन टेस्ट के बाद उन्होंने ड्रेसिंग रूम में पूरी टीम से सामूहिक जिम्मेदारी लेने की अपील की थी, ताकि केवल वॉर्नर, स्मिथ और बेनक्रॉफ्ट को दोषी न ठहराया जाए। हालांकि, कमिंस ने ऐसी किसी बातचीत को याद होने से इनकार किया।
उन्होंने कहा, “मुझे सामूहिक जिम्मेदारी लेने को लेकर किसी बातचीत की याद नहीं है। मुझे ऐसी किसी टीम बैठक की भी याद नहीं है, जिसमें वह खड़े हुए हों और कहा हो कि आइए, एक टीम के रूप में इसकी जिम्मेदारी लेते हैं।”
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले की जांच दोबारा शुरू करने से इनकार कर दिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून ने गुरुवार को कमिंस को आश्वस्त किया कि इस पूरे विवाद का उनकी कप्तानी पर कोई असर नहीं पड़ेगा और उनकी नौकरी सुरक्षित है।
कमिंस ने स्वीकार किया कि 2018 के आसपास ऑस्ट्रेलियाई टीम की संस्कृति में हर कीमत पर जीत हासिल करने की मानसिकता थी, जो केपटाउन विवाद के रूप में सामने आई। हालांकि, उन्होंने कहा कि इसके बाद टीम की संस्कृति “बेहद शानदार” रही है।
उन्होंने कहा, “मुझे अंपायरों और विपक्षी टीम के खिलाड़ियों से बात करने का हमारा तरीका पसंद नहीं था। मुझे लगता है कि उस समय कुछ अहंकार था और कई बार व्यवहार में एक तरह की कटुता थी, जो एक युवा खिलाड़ी के तौर पर मुझे अच्छी नहीं लगती थी।”
कमिंस ने आगे कहा, “अब जब मैं कप्तान हूं, तो मैंने यह सुनिश्चित करने में काफी समय लगाया है कि मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम में ऐसा रवैया न हो।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

