home page

क्लेटन और रोचिचियोली को पहली बार ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में मौका, लियोन बाहर

 | 
क्लेटन और रोचिचियोली को पहली बार ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में मौका, लियोन बाहर


सिडनी, 28 नवंबर (हि.स.)।ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नौ दिसंबर से शुरू होने वाली चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए 13 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। क्वींसलैंड के बल्लेबाज जैक क्लेटन और पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के ऑफ स्पिनर कोरी रोचिचियोली को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। वहीं, अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन को टीम में जगह नहीं मिली है।

शेफील्ड शील्ड में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर क्लेटन ने टीम में जगह बनाई है। वहीं, घरेलू क्रिकेट और ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से निरंतर अच्छे प्रदर्शन करने वाले रोचिचियोली को पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम में शामिल किया गया है। शेफील्ड शील्ड के छठे दौर के बाद एक और खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाएगा।

27 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज क्लेटन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 40.17 की औसत से 2732 रन बनाए हैं। उनके नाम सात शतक और 16 अर्धशतक हैं। मौजूदा शेफील्ड शील्ड सत्र में उन्होंने नौ पारियों में 74.83 की औसत से 449 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।

वहीं, 29 वर्षीय ऑफ स्पिनर रोचिचियोली ने शेफील्ड शील्ड में 33.88 की औसत से 18 विकेट लिए हैं। उनके नाम 59 प्रथम श्रेणी मैचों में 205 विकेट हैं, जिसमें छह बार एक पारी में पांच विकेट लेने का प्रदर्शन शामिल है।

ऑस्ट्रेलिया की चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने क्लेटन की तारीफ करते हुए कहा, “जैक एक व्यवस्थित खिलाड़ी हैं, जिन्होंने लंबे समय से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उनकी बल्लेबाजी टीम के बाकी क्रम के साथ अच्छी तरह तालमेल बैठाने के अनुकूल है।”

रोचिचियोली को लेकर उन्होंने कहा, “कोरी पिछले कुछ सत्रों से घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनमें ऐसी खूबियां हैं, जो ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों के लिए काफी अनुकूल हैं।”

इस टीम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए चुने गए ऑस्ट्रेलियाई दल से भी कई बदलाव किए गए हैं। मार्नस लाबुशेन, ब्यू वेबस्टर, कूपर कोनोली और मैथ्यू कुह्नेमैन को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। तीसरे टेस्ट से पहले टीम से रिलीज किए गए निक मैडिनसन और सैम हार्पर की भी वापसी नहीं हुई है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला लाबुशेन के लिए निराशाजनक रही थी। उन्होंने छह पारियों में 21.83 की औसत से केवल 131 रन बनाए थे और उनका सर्वोच्च स्कोर 39 रन था। वहीं, नाथन लियोन ने दो टेस्ट में 43.66 की औसत से छह विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 58 रन देकर दो विकेट रहा। वेबस्टर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट की चार पारियों में 64 रन बनाए थे। केपटाउन में निर्णायक टेस्ट खेलने वाले कोनोली ने दो पारियों में 29 रन बनाए और एक विकेट लिया था।

लियोन को टीम से बाहर करना चयन का सबसे बड़ा फैसला माना जा रहा है। बेली ने स्वीकार किया कि यह कठिन निर्णय था, लेकिन उन्होंने अनुभवी स्पिनर की भविष्य में वापसी की संभावना भी खुली रखी।

बेली ने कहा, “हाल के मैचों में नाथन गेंद से वैसा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं, जैसी हम उनसे उम्मीद करते हैं। हालांकि, हम यह भी जानते हैं कि उनका रिकॉर्ड असाधारण है। उनका अनुभव, जानकारी और कौशल भविष्य में हमारी टीम की योजनाओं के लिए अब भी उपयोगी हो सकते हैं।”

चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला नौ दिसंबर से शुरू होगी। पहला मुकाबला पर्थ में खेला जाएगा। इसके बाद एडिलेड, मेलबर्न और सिडनी में मुकाबले होंगे।

ऑस्ट्रेलियाई टीम : पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जैक क्लेटन, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, कोरी रोचिचियोली, स्टीव स्मिथ और मिचेल स्टार्क।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे