home page

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पैट कमिंस पर जताया भरोसा, टेस्ट कप्तानी से हटाने की अटकलों पर लगा विराम

 | 
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पैट कमिंस पर जताया भरोसा, टेस्ट कप्तानी से हटाने की अटकलों पर लगा विराम


बोर्ड ने सर्वसम्मति से किया समर्थन

सिडनी, 21 नवंबर (हि.स.)। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के बोर्ड ने पैट कमिंस को टेस्ट कप्तान के रूप में अपना सर्वसम्मत समर्थन दिया है। दक्षिण अफ्रीका के 2018 दौरे से जुड़े विवाद पर फिर से उठे सवालों के बीच बोर्ड की हुई बैठक में कमिंस के नेतृत्व पर भरोसा जताया गया। इस बैठक में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून और मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने शुक्रवार को सिडनी में कमिंस से मुलाकात की।

बोर्ड की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठक में कमिंस के व्यक्तिगत कल्याण, टीम को आवश्यक सहयोग और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने कहा था कि यदि कमिंस को टेस्ट कप्तानी से हटाया जाता है तो उन्हें भी टीम में अपने भविष्य पर विचार करना पड़ेगा।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून ने कहा कि बोर्ड इस मुश्किल समय में धैर्य और जिम्मेदारी के साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने कमिंस के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है और 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे की घटनाओं से प्रभावित सभी लोगों के प्रति चिंता जताई है।

बून ने कहा कि बोर्ड पिछले आठ वर्षों में कमिंस और टीम के अन्य नेतृत्वकर्ताओं की ओर से विकसित की गई टीम संस्कृति पर गर्व करता है। उन्होंने कमिंस की ईमानदारी पर सवाल उठाए जाने की किसी भी आशंका को स्पष्ट रूप से खारिज किया।

कमिंस बोले- फोरम में रखूंगा अपनी बात

कमिंस ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से गठित स्वतंत्र फोरम में शामिल होने की पुष्टि की है। इस फोरम के माध्यम से 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे से जुड़े खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य गोपनीय तरीके से अपनी बात रख सकेंगे।

कमिंस ने कहा कि डेविड बून और टॉड ग्रीनबर्ग से बातचीत उनके लिए काफी मायने रखती है। ऑस्ट्रेलिया का कप्तान होना बड़ी जिम्मेदारी है और वह इसे कभी हल्के में नहीं लेते। उन्होंने फोरम का पूरा समर्थन करते हुए कहा कि वह इसमें शामिल होंगे। उनके संपर्क में रहे खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य भी अपनी बात रखने के लिए उत्सुक हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान कई मुश्किल बातचीत होंगी, लेकिन आगे बढ़ने के लिए ऐसा करना जरूरी है। फिलहाल उनका पूरा ध्यान ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी और पर्थ में होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज पर रहेगा।

9 दिसंबर से शुरू होगी न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज

ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 9 दिसंबर से पर्थ में खेला जाएगा। कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टीम इस सीरीज के साथ अपने टेस्ट अभियान को आगे बढ़ाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे